फोरेंसिक टीम भी देखकर रह गई दंग, जब बंद मकान में कई दिनों तक सड़ती रही सरकारी मास्टर की लाश; जानें पूरा मामला

करनाल की शिव कॉलोनी में एक सरकारी शिक्षक का शव उनके ही बंद मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मकान से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 July 2026, 10:05 AM IST

Karnal: हरियाणा के करनाल जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां की शिव कॉलोनी में स्थित एक बंद मकान के अंदर से सरकारी स्कूल के अध्यापक जितेंद्र (उम्र 45 वर्ष) का शव बरामद हुआ है। मकान के अंदर से तेज बदबू आने के बाद इस घटना का खुलासा हुआ।

बदबू से परेशान होकर जब पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जब घर का दरवाजा खोला गया, तो अंदर शिक्षक का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

पत्नी से अनबन के चलते अकेले रहते थे जितेंद्र

आसपास के रहने वाले लोगों ने पुलिस को बताया कि जितेंद्र बड़ा गांव के एक सरकारी स्कूल में बतौर शिक्षक तैनात थे। उनकी पत्नी भी कैथल में एक सरकारी शिक्षिका हैं। हालांकि, दोनों के बीच आपसी रिश्ते ठीक नहीं थे और लंबे समय से विवाद चल रहा था। अनबन के कारण ही दोनों साथ नहीं रहते थे और जितेंद्र इस मकान में बिल्कुल अकेले जीवन बिता रहे थे।

हरियाणा में भारी बवाल: हांसी सचिवालय के सामने ग्रामीणों ने फोड़े मटके, तोड़ीं पुलिस बैरिकेडिंग; जानिए क्या हैं मांगें?

जब उनके घर से अचानक भारी बदबू आने लगी, तब जाकर पड़ोसियों ने पुलिस को फोन किया। पुलिस के साथ-साथ फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गई है। फोरेंसिक टीम ने घर के अंदर से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट्स) और कई जरूरी सबूत इकट्ठा किए हैं।

रिश्तेदारों और दोस्तों से भी तोड़ लिया था नाता

मृतक शिक्षक जितेंद्र की बहन ने उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। बहन ने बताया कि जितेंद्र पिछले काफी समय से न तो अपने माता-पिता के साथ रहते थे और न ही परिवार के दूसरे रिश्तेदारों से कोई वास्ता रखते थे। उन्हें बिल्कुल अकेले रहना पसंद था और धीरे-धीरे उन्होंने समाज के लोगों से बातचीत करना भी पूरी तरह बंद कर दिया था।

बहन ने यह भी बताया कि अगर कोई रिश्तेदार या दोस्त उनसे संपर्क करने या उनका हालचाल जानने की कोशिश करता, तो वह उनसे झगड़ा करने लगते थे। इसी बर्ताव के कारण धीरे-धीरे सभी रिश्तेदारों और दोस्तों ने भी उनसे दूरी बना ली थी।

हरियाणा में सुबह-सुबह जिम ट्रेनर की बेरहमी से हत्या, बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां; CCTV में कैद हुई महज 5 सेकेंड की खूनी वारदात

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

इस पूरे मामले पर जांच अधिकारी और सब इंस्पेक्टर गुरविंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर मौत के सही कारणों का अंदाजा लगाना मुश्किल है। शव को देखकर लगता है कि मौत दो से तीन दिन पहले हुई है। पुलिस इस मामले को हत्या और आत्महत्या, दोनों ही नजरियों से देख रही है।

सब इंस्पेक्टर के मुताबिक, असली सच्चाई और मौत की वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। पुलिस शिक्षक की पत्नी और अन्य करीबियों से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है ताकि मौत के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके।

Location :  Karnal

Published :  2 July 2026, 10:05 AM IST