Gurugram Fire: पटौदी वुलन मार्केट में आग का तांडव, 25 दुकानें जलकर खाक; कारोबारियों की सालभर की कमाई राख

पटौदी के रामलीला मैदान स्थित वुलन मार्केट में सुबह भीषण आग लगने से 25 दुकानें जलकर खाक हो गईं। लाखों का सामान राख हो गया। तिब्बत, नेपाल और पहाड़ी क्षेत्रों से आए कारोबारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 10:25 AM IST

Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। पटौदी के रामलीला मैदान स्थित वुलन मार्केट में भीषण आग लगने से करीब 25 दुकानें जलकर खाक हो गईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बता दें कि दुकानों में रखे लाखों रुपये के गर्म कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गए।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना आज सुबह करीब 4:30 बजे हुई। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग सूचना दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्य शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सुबह साढ़े चार बजे लगी आग

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 4:30 बजे दमकल विभाग को पटौदी के रामलीला मैदान में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआत में पटौदी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम और मानेसर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास कर करीब ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया।

हरियाणा के नूंह में शिक्षा की कैसी तस्वीर? स्कूल छोड़ मदरसों में पढ़ रहे हजारों बच्चे

लाखों रुपये का सामान हुआ राख

आग की इस घटना में बाजार की लगभग 25 दुकानें पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। इन दुकानों में ऊनी कपड़ों और सर्दियों के सामान का बड़ा स्टॉक रखा था। अनुमान है कि दुकान मालिकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

सुबह साढ़े चार बजे उठीं आग की लपटें (Img- X)

हालांकि, नुकसान की सटीक मात्रा का अभी पता नहीं चल पाया है। चूंकि आग सुबह लगी थी, इसलिए बाजार में ग्राहकों या दुकानदारों की ज्यादा भीड़ नहीं थी और नतीजतन, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

पहाड़ी इलाकों से आए कारोबारियों की रोजी-रोटी पर संकट

पटौदी में यह ऊनी बाजार हर साल सर्दियों की शुरुआत में लगता है। तिब्बत, नेपाल और हिमालय के विभिन्न क्षेत्रों से व्यापारी यहाँ आते हैं और गर्म कपड़े बेचने के लिए अपनी दुकानें लगाते हैं। वे साल में एक बार सर्दियों का सामान बेचने आते हैं, और इस दौरान होने वाली कमाई से ही उनका पूरा साल गुज़रता है। लेकिन, आग लगने से उनकी दुकानें और सारा सामान जलकर नष्ट हो गया है, जिससे प्रभावित व्यापारियों के सामने अपनी आजीविका को लेकर संकट खड़ा हो गया है।

हरियाणा में हुई पिटाई का बदला 9 साल के मासूम से लिया! चाचा के भतीजे की हत्या, आरोपी परिवार का ही किशोर

आग लगने के कारणों की जांच में जुटा दमकल विभाग

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट, किसी तकनीकी खराबी या अन्य वजह से लगी। साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जाएगा। इस घटना ने उन छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है, जिनकी पूरे साल की कमाई इसी मौसमी बाजार पर निर्भर रहती है।

Location :  Gurugram

Published :  15 November 2026, 10:25 AM IST