चंडीगढ़ में देर रात गोलियों की गूंज, बदमाशों ने मचाया तांडव, एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा; तीन अब भी फरार

चंडीगढ़ के सेक्टर-20ए में चार युवकों ने एक बुलेट मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य फरार हैं। मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 10:05 AM IST

Chandigarh: शहर के सेक्टर-20ए में देर रात हुई फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। चार युवकों ने एक बुलेट मोटरसाइकिल को निशाना बनाते हुए उसमें जमकर तोड़फोड़ की। जब मोटरसाइकिल मालिक और उसके साथी ने विरोध किया तो आरोपी मौके से भागने लगे।

इसी दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन साथी फरार हैं।

मामूली विवाद के बाद बढ़ा मामला

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार सेक्टर-33 निवासी राजीव और उसका मित्र सुनील देर रात मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। रास्ते में सेक्टर-20 मार्केट के पास उनकी दो युवकों से कहासुनी हो गई। उस समय दोनों युवक अलग-अलग एक्टिवा स्कूटर पर सवार थे। विवाद के बाद राजीव और सुनील अपने घर लौट आए और मोटरसाइकिल को सेक्टर-20ए स्थित मकान नंबर-58 के बाहर खड़ा कर दिया।

बुलेट मोटरसाइकिल में की गई तोड़फोड़

कुछ समय बाद दोनों को नीचे सड़क से तेज आवाजें सुनाई दीं। जब उन्होंने बाहर झांककर देखा तो चार युवक उनकी बुलेट मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा रहे थे। दोनों तुरंत नीचे पहुंचे और आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान जय किशन निवासी सेक्टर-30, चंडीगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी एक्टिवा स्कूटर को भी कब्जे में ले लिया है।

चंडीगढ़ में बम धमकी का मास्टरमाइंड कौन? गुजरात से युवक हिरासत में, पुलिस को मिली बड़ी लीड

भागते समय की फायरिंग

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक अपने साथी के पकड़े जाने से अन्य तीन आरोपी घबरा गए और मौके से भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने सेक्टर-20ए स्थित मकान नंबर-39 के सामने गोली चला दी। फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में हड़कंप मच गया। गोली चलाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार युवकों में एक की पहचान अभि नामक युवक के रूप में बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-19 और सेक्टर-26 थाना पुलिस के साथ डीएसपी ईस्ट और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी एएसआई सुरेंद्र ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बरामद सबूतों को कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

चंडीगढ़ भाजपा ऑफिस पर बम ब्लास्ट करने वाले आरोपियों की हुई पहचान, जानें हमले के बाद कैसे हुए थे गायब? CCTV ने खोली पूरी कहानी

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

रिहायशी इलाके में हुई इस फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके फरार साथियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में फायरिंग, तोड़फोड़ और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Location :  Chandigarh

Published :  2 June 2026, 10:05 AM IST