
जर्जर सड़कों और बिजली संकट को लेकर उठाई आवाज (Img: Dynamite News)
Barhaj: बरहज में जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता विजय रावत ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि 48 घंटे का समय देने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अगर 20 जुलाई तक बरहज-सोनूघाट मार्ग की मरम्मत, बिजली व्यवस्था में सुधार और नदी कटान रोकने की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो 21 जुलाई से काली मंदिर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
सोमवार को बरहज नगर पालिका क्षेत्र स्थित काली मंदिर पर ग्रामीणों के साथ बैठक करते हुए विजय रावत ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क, बिजली और कटान जैसी गंभीर समस्याओं से परेशान है। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को उन्होंने जनहित के मुद्दों को लेकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया था और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की थी।
ज्ञापन में बरहज-सोनूघाट मार्ग और बेलडांड़-कटनईया मार्ग के गड्ढों को तत्काल भरने, बरहज विधानसभा क्षेत्र की खराब बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने और मोहाव काली मंदिर के पास झुके बिजली के पोल को बदलने की मांग की गई थी।
विजय रावत ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या-24 मोहाव काली मंदिर के पास 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन काफी नीचे लटक रही है। उन्होंने दावा किया कि यह लाइन जमीन से करीब पांच फीट की ऊंचाई पर है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले साल करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत भी हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी विद्युत विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया।
सपा नेता ने कहा कि बरहज विधानसभा क्षेत्र के लोग लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि अब जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने साफ कहा कि यदि 20 जुलाई तक प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो 21 जुलाई से काली मंदिर पर भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों ने भी आंदोलन में सहयोग देने की बात कही।
बैठक में विकास यादव, संजय सिंह, अजीत प्रसाद, राहुल निषाद, बलवंत यादव, अनुरुद्ध यादव, श्रवण गौड़, राकेश गुप्ता, विनय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने क्षेत्र की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग उठाई।
Location : Barhaj
Published : 15 July 2026, 4:05 PM IST
Topics : ंंं Barhaj News Deoria Politics Vijay Rawat Protest