UP MLC Election Result 2026 LIVE: यूपी में 11 विधान परिषद सीटों के लिए मतगणना जारी; गोरखपुर-फैजाबाद सीट समेत सभी का ताजा अपडेट

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों पर आज सुबह 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हो गई है। 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। वरीयता मतों के आधार पर हो रही मतगणना के नतीजे देर शाम या रात तक आने की उम्मीद है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 October 2026 , 1:41 PM

Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर मतगणना हो रही है। इन सीटों के नतीजों पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि मतगणना के बाद किस प्रत्याशी के पक्ष में नतीजे आते हैं और यूपी की सियासत में इन परिणामों का क्या असर पड़ता है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी मंडल की सीटें हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा और मेरठ मंडल के अलावा बरेली-मुरादाबाद तथा गोरखपुर-फैजाबाद मंडल की सीटें शामिल हैं।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 27 Oct 2026 01:41 PM (IST)

      UP MLC Election Live : वाराणसी में 22 राउंड की गिनती से होगा 34 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला

      स्नातक और शिक्षक MLC सीटों के लिए मतगणना जारी है। इन दोनों सीटों पर कुल 34 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी सियासी किस्मत का फैसला मतपेटियों में कैद है। मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाए गए हैं। कुल 22 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा। मतगणना केंद्र पर तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है और ड्रोन कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है। अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं।

    • 27 Oct 2026 01:38 PM (IST)

      सपा नेता रामगोपाल यादव का बड़ा बयान

      MLC चुनाव में गड़बड़ी के मामले पर सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी कार्रवाई हो सकती है।

    • 27 Oct 2026 01:37 PM (IST)

      Gorakhpur MLC Election Live: गोरखपुर में ड्रोन कैमरों से निगरानी

      एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय (डीडीयू) के मुख्य द्वार से लेकर विश्वविद्यालय परिसर तक ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में भी ड्रोन कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से पूरे प्रांगण की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से ड्रोन कैमरों की लाइव फीड के जरिए हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

    • 27 Oct 2026 01:09 PM (IST)

      Meerut MLC Election Result Live: मेरठ में बंडल बनाने का काम पूरा, अब शुरू होगी वोटों की गिनती

      मेरठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों के बंडल बनाने का काम पूरा हो गया है। अब वोटों की गिनती शुरू हो रही है। जैसे-जैसे टेबलों पर मतगणना पूरी होगी, वैसे-वैसे चुनाव के रुझान सामने आने लगेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात तक परिणाम आने की संभावना है। ऐसे में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजरें मतगणना केंद्र पर टिकी हैं।

    • 27 Oct 2026 01:07 PM (IST)

      बरेली-मुरादाबाद खंड में 17 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला आज

      बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव परिणाम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को मजबूत दावेदार माना जा रहा है, जबकि समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के प्रदर्शन पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। हालांकि, जीत-हार को लेकर तस्वीर आधिकारिक परिणाम घोषित होने के बाद ही साफ होगी।

    • 27 Oct 2026 01:05 PM (IST)

      गोरखपुर में मतगणना के दौरान हंगामा

      उत्तर प्रदेश की गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान हंगामा मच गया। दरअसल, देवरिया जिले के बनकटा क्षेत्र की एक बैलट बॉक्स की सील टूटी हुई मिली। मामला जैसे ही सामने आया, मतगणना केंद्र पर हलचल मच गई। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्थिति को संभाल लिया है।

      मामले में प्रत्याशी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। निर्दलीय प्रत्याशी अजय सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम से निकला एक बॉक्स सील नहीं था और उसे बॉक्स को किनारे रख दिया गया. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह एक मानवीय भूल हो सकती है।

Location :  Lucknow

Published :  27 October 2026, 1:04 PM IST