
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Sultanpur : जिले में आगामी निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारियों के तहत मतदान स्थलों की नई आलेख्य सूची प्रकाशित की गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्रों में मतदान स्थलों का भौतिक सत्यापन और सम्भाजन किया गया। इसके बाद अधिकतम 1200 मतदाताओं के आधार पर नए मतदान स्थलों का निर्धारण प्रस्तावित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने 19 अक्टूबर 2026 को सूची का एक सप्ताह के लिए प्रकाशन किया है।
Sultanpur Voting Centers List 2026 में जिले के छह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इनमें जगदीशपुर आंशिक, इसौली, सुलतानपुर, सदर, लम्भुआ और कादीपुर (अजा) शामिल हैं।
सम्भाजन के बाद तैयार प्रस्तावित सूची के अनुसार, इन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1286 मतदान केंद्र और 2185 मतदान स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। मतदान स्थलों के निर्धारण में अधिकतम 1200 मतदाताओं के आधार को ध्यान में रखा गया है।
दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान, रेलवे ने चलाईं 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें; प्रयागराज में भी ठहराव
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनसामान्य, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे प्रस्तावित सूची का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें। यदि किसी मतदान केंद्र या मतदान स्थल को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव है, तो उसे 26 अक्टूबर 2026 तक लिखित रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।
आपत्ति या सुझाव जिला निर्वाचन कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर, सुलतानपुर में जमा कराए जा सकते हैं। इसके अलावा संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, उप जिलाधिकारी या सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार के कार्यालय में भी संपर्क किया जा सकता है।
Chitrakoot News: दशहरे पर रावण को जलाते नहीं, पूजते हैं ग्रामीण, 250 साल पुरानी है परंपरा
जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सांसदों, जिले के सभी विधायकों और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से भी निर्धारित समयसीमा में सुझाव देने का अनुरोध किया गया है। इसका उद्देश्य प्रस्तावित सूची पर संबंधित पक्षों की राय और आपत्तियों को प्राप्त करना है।
Sultanpur Voting Centers List 2026 की आलेख्य सूची का पीडीएफ आम लोगों की जानकारी के लिए जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कराया जाना है। नागरिक सूची देखकर अपने क्षेत्र के मतदान स्थल से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर तय समयसीमा के भीतर लिखित सुझाव दे सकते हैं।
Location : Sultanpur
Published : 20 October 2026, 2:52 PM IST