
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला (Source: Pinterest )
New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की खबर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक न तो शहजाद पूनावाला और न ही बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।
शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर अपने प्रोफाइल में बदलाव किया है। उनके नए बायो में अब बीजेपी का कोई उल्लेख नहीं है। हालांकि, उन्होंने खुद को अब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन समर्थक बताया है। बायो में इस बदलाव के बाद उनके इस्तीफे की खबरों को और बल मिला है।
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़ दी थी। कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों को लेकर मतभेद के बाद उन्होंने पार्टी से दूरी बनाई और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी में उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली और वह टीवी डिबेट्स तथा सोशल मीडिया पर पार्टी का प्रमुख चेहरा बनकर उभरे। उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं, विशेष रूप से राहुल गांधी, पर लगातार हमलावर रुख अपनाया।
पिछले कुछ समय से शहजाद पूनावाला सोशल मीडिया पर अपने पुराने वीडियो साझा कर रहे थे। इनमें वह सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने की बात करते नजर आए। एक वीडियो में उन्होंने कहा था कि अगर कोई सांसद या विधायक नहीं बनता, तो इसका मतलब यह नहीं कि वह समाज और देश की सेवा नहीं कर सकता।
एक अन्य वीडियो में उन्होंने कहा था कि 2024 के आम चुनाव के बाद वह सक्रिय राजनीति छोड़ने का फैसला कर चुके थे, लेकिन पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र जैसे महत्वपूर्ण चुनावों के कारण उन्होंने अपना फैसला टाल दिया।
सिर्फ 7 महीने पहले रचाई थी शादी… फिर ऐसा क्या हुआ कि प्रेमी जोड़े ने एक साथ उठा लिया खौफनाक कदम?
फिलहाल बीजेपी या शहजाद पूनावाला की ओर से इस्तीफे को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होता है और क्या वे सक्रिय राजनीति से पूरी तरह दूरी बना लेते हैं।
Location : New Delhi
Published : 31 July 2026, 11:34 AM IST
Topics : bjp Political News Shehzad Poonawalla