
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Img: Dynamite News)
Lucknow: लखनऊ में सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क परियोजनाओं, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिकता के मुद्दे उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
अखिलेश यादव ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले का जिक्र करते हुए पूछा कि आखिर इसे 12 घंटे के भीतर गिराने की इतनी जल्दी क्यों थी। उन्होंने कहा कि जब देश में हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जैसी न्यायिक संस्थाएं मौजूद हैं और वहां से न्याय मिलने की व्यवस्था है, तो इतनी जल्द कार्रवाई की जरूरत क्या थी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने ग्रीन कॉरिडोर को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों के अंगों को कम से कम समय में एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचाने की व्यवस्था को ग्रीन कॉरिडोर कहा जाता है।उनका आरोप था कि सरकार सड़क किनारे पेड़ लगाने को ही ग्रीन कॉरिडोर समझ रही है। उन्होंने कहा कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की योजना और डिजाइन पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
सपा प्रमुख ने राम गमन पथ का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि सड़क कई जगहों पर धंस चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में सरकार अपनी कमियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है और परियोजना से जुड़ी खबरें सामने लाने वाले पत्रकारों पर दबाव बनाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें- फांसी के फंदे तक पहुंचा दहेज का दरिंदा, 8 साल के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार बेटी की आत्मा को मिला सुकून
अखिलेश ने सरकार की ब्रांडिंग और बड़े प्रोजेक्ट्स पर खर्च को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का इस्तेमाल दिखावे के बजाय बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में होना चाहिए।
राजनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल पर भी अखिलेश यादव ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि AI का इस्तेमाल समाज में अच्छे कामों के लिए होना चाहिए, न कि विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के लिए। उन्होंने फर्जी AI वीडियो बनाए जाने को लेकर चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक तरफ से इस तकनीक का इस्तेमाल होगा, तो दूसरी तरफ से भी उसी तकनीक के जरिए जवाब दिया जा सकता है।
अखिलेश यादव ने प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा और स्कूलों को बंद किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार का ध्यान बुनियादी समस्याओं से हटकर ब्रांडिंग पर ज्यादा है। अखिलेश ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई में ज्यादा सक्रिय दिखाई दे रही है।
ये भी पढ़ें- Budaun: प्रधानाचार्य का छात्र के साथ आपत्तिजनक वीडियो वायरल, स्कूल में जुटे अभिभावक और ग्रामीणों का हंगामा
उन्होंने वाराणसी में कथित कोडीन के अवैध कारोबार का जिक्र करते हुए सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों पर भी आरोप लगाए। हालांकि इन दावों पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने साफ किया कि उनकी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास और सामाजिक सौहार्द जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरती रहेगी।
Location : Lucknow
Published : 7 September 2026, 5:02 PM IST