UP Assembly Election: अखिलेश यादव निकालेंगे PDA रथ यात्रा, यूपी की 403 सीटों के लिए सपा का खास प्लान तैयार

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी का खास चुनावी प्लान सामने आया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव चुनावी कैंपेन की कमान थामेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 July 2026, 1:09 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव चुनावी कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही पूरे प्रदेश में माहौल बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी 'समाजवादी PDA रथ यात्रा' निकालने की तैयारी कर रही है, जिसके जरिए हर जिले और हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

धार्मिक स्थल से हो सकती है यात्रा की शुरुआत

पार्टी सूत्रों के अनुसार, रथयात्रा की शुरुआत किसी बड़े हिंदू धार्मिक स्थल से किए जाने पर विचार चल रहा है। हालांकि अभी अंतिम स्थान तय नहीं हुआ है और पार्टी नेतृत्व इस पर मंथन कर रहा है। माना जा रहा है कि इस कदम के जरिए सपा धार्मिक मुद्दों पर भी अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।

ये भी पढ़ें- UP Election 2027: क्या BJP के माइक्रो-मैनेजमेंट को पछाड़ पाएगा अखिलेश का नया PDA फॉर्मूला? यहां जानें किसका दांव पड़ेगा भारी

बीजेपी को घेरने की रणनीति भी तैयार

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रथयात्रा की शुरुआत धार्मिक स्थल से करने के पीछे भाजपा को उसके मजबूत माने जाने वाले मुद्दों पर चुनौती देने की रणनीति भी हो सकती है। हाल के दिनों में राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े विवाद को लेकर अखिलेश यादव लगातार भाजपा सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। ऐसे में यह यात्रा उसी राजनीतिक रणनीति का विस्तार मानी जा रही है।

PDA फॉर्मूले पर रहेगा पूरा फोकस

समाजवादी पार्टी पिछले लोकसभा चुनाव से ही PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के सामाजिक समीकरण को आगे बढ़ा रही है। अब विधानसभा चुनाव में भी पार्टी इसी फॉर्मूले को मजबूत करने के साथ उन मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश करेगी, जो अब तक उसके पारंपरिक वोटर नहीं रहे हैं। रथयात्रा के जरिए पार्टी संगठन को भी बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी है।

ये भी पढ़ें- “अखिलेश यादव के बिना कांग्रेस जीरो, 50 से ज्यादा सीटें न मिलें…”, सपा सांसद एसपी सिंह का बड़ा हमला

कब हो सकता है रथयात्रा का आगाज?

सूत्रों के मुताबिक, रथयात्रा 23 अगस्त के बाद या सितंबर की शुरुआत में शुरू हो सकती है। इसका पूरा कार्यक्रम जल्द जारी किया जा सकता है। यात्रा के दौरान अखिलेश यादव प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जनसभाएं करेंगे और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। माना जा रहा है कि यह अभियान 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा का सबसे बड़ा जनसंपर्क कार्यक्रम साबित हो सकता है।

Location :  Lucknow

Published :  16 July 2026, 1:09 PM IST