Independence Day 2026: पीएम मोदी, अखिलेश यादव और CM योगी समेत कई दिग्गजों ने देशवासियों को खास अंदाज में दी बधाई

स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर देशभर में जश्न का माहौल है और बड़े नेता भी देशवासियों को शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव, मायावती और डिंपल यादव तक ने इस खास दिन पर अपनी बात रखी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 August 2026, 8:39 AM IST

New Delhi: देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश और उत्तर प्रदेश के कई बड़े नेताओं ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प और देश के युवाओं की भूमिका पर भी जोर दिया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। आईए जानते हैं किसने क्या कहा?

पीएम मोदी ने क्या कहा?

देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की असीम शुभकामनाएं। यह राष्ट्रीय पर्व हमें देश के वीर सेनानियों के अद्भुत साहस, अथक संघर्ष और मातृभूमि के प्रति अतुलनीय समर्पण का स्मरण कराता है। आइए, उनके आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करें।

सीएम योगी ने देशवासियों को दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश वासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। स्वतंत्रता का यह पावन पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के अमिट त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है। मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को कोटि-कोटि नमन।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दी बधाई

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने एक्स हैण्डल पर पोस्ट साझा करते हुए कहा, "स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ! संविधान से ही स्वाधीनता है। आइए हम सब मिलकर इस स्वतंत्रता दिवस पर संविधान की रक्षा एवं निरंतरता का संकल्प लें।"

मायावती ने देशवासियों को दी बधाई

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कहा, "देश व दुनिया भर में रहने वाले समस्त भारतीय नागरिकों व उनके परिवार वालों को भी आज 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं ढेरों शुभकामनायें।

केजरीवाल ने शेयर किया वीडियो

AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, "ये 15 अगस्त और भी ज्यादा खास है, Gen Z के बाद अब Gen Alpha ने मोर्चा संभाल लिया है। देश के कोने-कोने में बच्चे अपने स्कूल को ठीक करवाने के लिए लड़ रहे हैं। वे अपने स्कूल के लिए desks, साफ पानी, toilets और शिक्षकों जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। हमारे बच्चों ने अपने अधिकारों के लिए लड़ना सीख लिया है। यही तो सच्ची आज़ादी है... आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।

अमित शाह ने क्या कहा?

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, समस्त देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर माँ भारती की आजादी के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले सभी वीर सेनानियों को कोटि-कोटि नमन करता हूँ।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को और गति देने का संकल्प लें।

Location :  New Delhi

Published :  15 August 2026, 8:39 AM IST