हिंदी
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में विपक्षी नेताओं के विरोध प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है और जगह-जगह पुलिस तैनात है। राहुल गांधी ने कहा कि ट्रेन और बसों को रोका जा रहा है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोग महिलाओं के साथ मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष यह दिखाना चाहता है कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी मांगों को लेकर आगे भी आवाज उठाएगा।
कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की विपक्षी पार्टियों ने आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। इसे ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया गया है। विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे।
विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर रोक और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग कर रहा है।
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पिछले प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी नेता पहले चुनाव आयोग जाने के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें रोक दिया गया और बसों में बैठाया गया। उनके मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन के लिए घर में जगह देने की बात कही थी, जिसके जवाब में विपक्ष ने निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।
राहुल गांधी ने कहा कि इसके बाद विपक्ष ने जंतर-मंतर जैसे निर्धारित क्षेत्र में बैठने की अनुमति मांगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां भी प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट हुई। राहुल गांधी के मुताबिक, विपक्षी नेता बाद में राजघाट पहुंचे, जहां भी कार्रवाई हुई।
उन्होंने कहा कि अब विपक्ष सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष यह सवाल उठा रहा है कि सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को क्यों संरक्षण दे रही है और इस मुद्दे पर वह अपनी आवाज उठाना जारी रखेगा।
Location : New Delhi
Published : 12 October 2026, 12:33 PM IST