हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source Internet)
New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित करने जा रही है। बैठक में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महासचिव और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
ये बैठकें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा हाल ही में घोषित की गई नई राष्ट्रीय टीम के बाद हो रही हैं। नवनियुक्त पदाधिकारी पहली बार नितिन नवीन के साथ बैठक करेंगे, जिसे नई टीम की परिचयात्मक बैठक के तौर पर देखा जा रहा है।
बैठक में पार्टी की संगठनात्मक प्राथमिकताओं, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल और देशभर में भाजपा के जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
आगामी विधानसभा चुनावों और 2027 के चुनावी चक्र को देखते हुए इन बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी आने वाले महीनों के लिए अपनी संगठनात्मक गतिविधियों की दिशा और रणनीति तय कर सकती है।
भाजपा की नई टीम की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जाने वाले 'मोदी@25' अभियान (Modi@25 Campaign) पर भी चर्चा होगी। पार्टी देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर सकती है। इस अभियान के जरिए भाजपा प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की योजना बना रही है।
बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, कार्यक्रम प्रभारी विनोद तावड़े समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महासचिव और प्रदेश प्रभारी भी बैठकों में हिस्सा लेंगे।
बैठकों में पार्टी के विस्तार, चुनावी तैयारियों और केंद्र व राज्य इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा हो सकती है।
भाजपा की रणनीति आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करने की है। इन बैठकों के जरिए पार्टी आने वाले समय में अपने राष्ट्रीय कार्यक्रमों और राजनीतिक अभियानों की रूपरेखा तैयार करेगी।
गौरतलब है कि भाजपा ने 17 अगस्त को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। इसे पार्टी का बड़ा संगठनात्मक फेरबदल माना जा रहा है।
नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल किए गए हैं। इसके अलावा कई अन्य पदों पर भी नई नियुक्तियां की गई हैं।
नई टीम में वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल और बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) पद पर बने हुए हैं, जबकि पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
भाजपा ने नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की है। पार्टी ने क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और सामाजिक विविधता को भी ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारियों का बंटवारा किया है।
Location : New Delhi
Published : 22 August 2026, 10:51 AM IST
Topics : BJP National Executive Meeting BJP New Team Meeting BJP Organizational Reshuffle Modi@25 Campaign Nitin Nabin BJP President
No related posts found.