पंजाब ने AAP ने बजाया चुनावी बिगुल: 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी, जानिए किसे कहां से मिला टिकट

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान धुरी सीट से चुनाव लड़ेंगे। जानिए किन नेताओं को मिला टिकट और भाजपा-अकाली दल के संभावित गठबंधन पर मान ने क्या कहा।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 31 October 2026, 12:48 PM IST

Chandigarh: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। भगवंत मान धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में सर्वे और जनता के फीडबैक को आधार बनाया है।

AAP की पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम

आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक के बाद उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इसमें कुल 40 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान को धुरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा बटाला से शैरी कलसी, अजनाला से कुलदीप धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और अमृतसर साउथ से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को टिकट दिया गया है।

अन्य उम्मीदवारों में खेमकरण से सरवण सिंह धुन, नकोदर से इंदरजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, दसूहा से करमबीर सिंह घुमन और उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा गिल शामिल हैं।

केजरीवाल के आवास पर हुई PAC की बैठक

उम्मीदवारों के चयन को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और जैस्मीन शाह शामिल हुए।

वहीं, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े। शनिवार सुबह भी PAC की एक और बैठक हुई, जिसमें 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में सर्वे और जनता से मिले फीडबैक को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने पांच साल के कामकाज और पंजाब में कराए गए विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगी। AAP सकारात्मक राजनीति करेगी और अपने काम का हिसाब देकर वोट मांगेगी।

'शिअद-भाजपा दोनों जीरो, गठबंधन से भी नतीजा जीरो'

बैठक के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भाजपा के संभावित गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जीरो में जीरो जोड़ो या घटाओ, नतीजा जीरो ही रहता है। उनके मुताबिक, शिअद और भाजपा दोनों जीरो हैं और दोनों दल साथ आते हैं तो भी चुनावी नतीजा जीरो ही रहेगा।

मान ने गठबंधन को लेकर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि अगर दोनों दल साथ आते हैं तो क्या नशामुक्त पंजाब के मुद्दे पर भाजपा नेता अमित शाह और अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया एक मंच पर दिखाई देंगे?

हर विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त होंगे छह सेक्टर इंचार्ज

उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के साथ ही आम आदमी पार्टी ने चुनावी संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी काम शुरू कर दिया है। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छह-छह सेक्टर इंचार्ज नियुक्त करने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं।

ये सेक्टर इंचार्ज सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पार्टी के कामकाज को लेकर आम लोगों से फीडबैक जुटाएंगे और इसे पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।

इसके अलावा एक नवंबर से महिला मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए मावां-धीयां सत्कार योजना से जुड़ी महिला स्वयंसेविकाओं को सक्रिय किया जाएगा। पार्टी की योजना इन गतिविधियों के जरिए विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने की है।

Location :  Chandigarh

Published :  31 October 2026, 12:27 PM IST