सोनम वांगचुक को जबरन अस्पताल ले जाने पर डिंपल यादव ने बोलीं- यह देश की आत्मा को दबाने जैसा

दिल्ली के जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को हटाए जाने के बाद राजनीति अचानक गर्मा गई है। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सत्ता और विपक्ष के बीच नई बहस छेड़ दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 July 2026, 1:46 PM IST

सोनम वांगचुक को जबरन हटाना

New Delhi: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस द्वारा वहां से हटाकर अस्पताल ले जाने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। इस कार्रवाई पर अलग-अलग राजनीतिक दल अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है।

डिंपल यादव ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वालों की आवाज दबाना लोकतंत्र की भावना के खिलाफ है। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई।

'लोकतंत्र को कुचलने' का लगाया आरोप

मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि सोनम वांगचुक को जबरन हटाना सिर्फ एक प्रशासनिक कार्रवाई नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने जैसा कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब शांतिपूर्ण विरोध भी सहन नहीं कर पा रही है।

ये भी पढ़ें- बिना मेरी सहमति… अस्पताल पहुंचते ही सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने कही बड़ी बात

अपने बयान में डिंपल यादव ने कहा, "बीजेपी वाले देश के लिए सफेद चादर का कफन लेकर आए हैं। जब शांतिपूर्ण आवाजों को दबाया जाता है, तब संविधान और लोकतंत्र भी आहत होते हैं। सोनम वांगचुक जैसे लोगों की आवाज दबाना, देश की आत्मा को दबाने जैसा है।"

दिल्ली पुलिस ने क्या दी कार्रवाई की वजह?

दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश और मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। साथ ही जंतर-मंतर पर मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों से भी शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन स्थल खाली करने की अपील की गई।

अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया

इसके साथ ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि सोनम वांगचुक को ‘बल-प्रयोग’ करके, जबरदस्ती उनके आमरण अनशन स्थल से उठाकर ले जाना अत्यंत निंदनीय समाचार है। आज सुबह घटी ये घटना थोड़ी ही देर में पूरे देश और संपूर्ण विश्व में फैल चुकी है। सारी दुनिया और देशभर में सोनम वांगचुक को लेकर गहरी चिंता है और भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश भी। जो लोग सादी वर्दी में इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए धोखे से अचानक घुसे थे, उनकी पहचान सार्वजनिक की जाए।

ये भी पढ़ें- Sonam Wangchuk Health Update: 21 दिनों से भूखे सोनम वांगचुक की हालत बेहद नाजुक, पत्नी का गंभीर आरोप, बिना मर्जी के शुरू हुआ इलाज

पहले भी मिलने पहुंची थीं डिंपल यादव

बता दें कि इससे पहले 16 जुलाई को डिंपल यादव अपने पार्टी सांसदों और विधायकों के साथ जंतर-मंतर पहुंची थीं। उन्होंने सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका समर्थन किया था। उस दौरान प्रदर्शन स्थल पर 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे भी लगाए गए थे।

Location :  New Delhi

Published :  18 July 2026, 1:29 PM IST