
बीजेपी संगठन में बड़े फेरबदल की आहट (Img- X)
New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) में राष्ट्रीय स्तर पर बड़े संगठनात्मक बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नबीन की औपचारिक ताजपोशी के छह महीने बीत जाने के बाद अब टीम नबीन की रूपरेखा पूरी तरह तैयार मानी जा रही है। गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर एक बेहद महत्वपूर्ण और मैराथन बैठक आयोजित की गई।
करीब तीन घंटे तक चली इस उच्च स्तरीय बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष शामिल हुए। हालांकि इस मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि इसमें बीजेपी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मात्र 46 वर्ष के युवा अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में बनने वाली इस नई टीम में 'अनुभव और ऊर्जा' का एक अनूठा संतुलन देखने को मिलेगा। माना जा रहा है कि कुछ बेहद सीनियर और अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में बरकरार रखा जाएगा, जबकि महासचिव और सचिव जैसे पदों पर युवा चेहरों को आगे बढ़ाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, महिला आरक्षण कानून पारित होने के बाद संगठन में आधी आबादी को विशेष महत्व दिया जाना तय है। उत्तर प्रदेश भाजपा की तर्ज पर केंद्रीय टीम में भी महिला नेताओं की भागीदारी में बड़ा इजाफा देखने को मिल सकता है।
बीजेपी की इस नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में आगामी विधानसभा चुनावों और भविष्य के राजनीतिक रोडमैप की साफ झलक मिलेगी। उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे अहम राज्यों, जहां आने वाले समय में चुनाव होने हैं, के नेताओं को संगठन में मजबूत और रणनीतिक पद दिए जा सकते हैं।
इसके साथ ही, दक्षिण भारत के राज्यों में अपनी पकड़ मजबूत करने और वहां के निराशाजनक प्रदर्शन को सुधारने के लिए पार्टी दक्षिणी बेल्ट के कद्दावर नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारियां सौंपने जा रही है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव के लिए जमीन अभी से तैयार की जा सके।
UP BJP: न टिकट लिया, न कभी चुनावी भाषण दिया… फिर यूपी भाजपा में नीरज सिंह का कद क्यों बढ़ा?
संगठनात्मक पुनर्गठन की इस कवायद के बीच मोदी सरकार के केंद्रीय मंत्रिपरिषद में भी फेरबदल के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। जॉर्ज कुरियन के इस्तीफे और रवनीत सिंह बिट्टू का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बाद, कैबिनेट से कुछ और मंत्रियों को हटाकर संगठन के काम में लगाए जाने की योजना है।
पंकज चौधरी और हर्ष मल्होत्रा को पहले ही क्रमशः यूपी और दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा चुका है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा जैसे वरिष्ठ मंत्रियों को भी कैबिनेट से मुक्त कर 'टीम नवीन' में राष्ट्रीय स्तर की अहम कमान सौंपी जा सकती है।
Location : New Delhi
Published : 3 July 2026, 10:34 AM IST