Assembly Polls: इंदिरा गांधी की हत्या में दोषी केहर के बेटे को मिला पहला टिकट; गरमाई पंजाब की सियासत

पंजाब चुनाव 2027 के लिए अकाली दल वारिस पंजाब दे ने बस्सी पठाना सीट से इंदिरा गांधी के हत्यारे के दोषी केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इस बड़े राजनीतिक ऐलान के बाद पंजाब की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 11 August 2026, 12:49 PM IST

Chandigarh: पंजाब में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में फतेहगढ़ साहिब जिले की बस्सी पठाना विधानसभा सीट राज्य की सियासत का सबसे बड़ा केंद्र बन गई है। इस सीट को लेकर कई पंथिक नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश की थी, लेकिन 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' (ADWPD) द्वारा एक चौंकाने वाले नाम के ऐलान के बाद सूबे का राजनीतिक पारा पूरी तरह से गरमा गया है। पार्टी ने इस सीट से सतवंत सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

कौन हैं सतवंत सिंह और क्या है उनकी पृष्ठभूमि?

टिकट पाने वाले सतवंत सिंह की उम्र 61 वर्ष है और वह एक बैंक से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) अधिकारी हैं। सतवंत सिंह कोई और नहीं बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इस उम्मीदवारी के जरिए सतवंत सिंह पहली बार सक्रिय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं। यदि चुनावी समीकरणों में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो वह आगामी विधानसभा चुनाव में बस्सी पठाना निर्वाचन क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरेंगे।

Punjab Politics: जालंधर उपचुनाव से पहले कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी पर लगाए कई गंभीर आरोप, जानिए क्या बोले

प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुआ उम्मीदवारी का आधिकारिक ऐलान

सतवंत सिंह के नाम की घोषणा अमृतसर में आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की अगुवाई खडूर साहिब से लोकसभा सांसद सरबजीत सिंह खालसा ने की, जबकि उम्मीदवारी का औपचारिक ऐलान तरसेम सिंह द्वारा किया गया। आपको बता दें कि तरसेम सिंह 'अकाली दल वारिस पंजाब दे' के कार्यकारी अध्यक्ष होने के साथ-साथ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह के पिता भी हैं। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह फैसला उन परिवारों के सम्मान में लिया गया है जिन्होंने पंथ और पंजाब के लिए बड़े बलिदान दिए हैं।

Punjab Politics: पंजाब कांग्रेस प्रभारी पद से हो सकती है हरीश रावत की छुट्टी, जानिये किसे मिलेगी जिम्मेदारी

सोशल मीडिया पर भी साझा की गई जानकारी

पार्टी ने इस बड़े राजनीतिक फैसले की आधिकारिक जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) के जरिए भी साझा की। पार्टी ने पोस्ट में लिखा कि शहीद भाई केहर सिंह के बेटे भाई सतवंत सिंह को बस्सी पठाना से उम्मीदवार बनाया गया है। इस दौरान पार्टी के कई अन्य प्रमुख चेहरे भी मौजूद रहे, जिनमें शहीद भाई केहर सिंह के बड़े बेटे रंजीत सिंह, उनके पोते पूरू राज सिंह, सुखविंदर सिंह अगवान, प्रगट सिंह और अमरजीत सिंह वंछिरी शामिल थे। इस घोषणा के बाद से पंजाब की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

Location :  Chandigarh

Published :  11 August 2026, 12:43 PM IST