Gorakhpur: चौरीचौरा से अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव, 20 किमी के मेगा रोड शो से साधेंगे पूर्वांचल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज बड़े सियासी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 November 2026, 12:35 PM IST

Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज बड़े सियासी शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में हैं। करीब ढाई साल बाद गोरखपुर पहुंच रहे सपा प्रमुख का यह दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्टी पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश करेगी। चौरीचौरा की ऐतिहासिक क्रांतिकारी धरती से अखिलेश यादव 2027 विधानसभा चुनाव की सियासी बिसात पर बड़ा दांव खेलने जा रहे हैं।

41 विधानसभा सीटों को साधने की रणनीति

करीब 20 किलोमीटर लंबे मेगा रोड शो के जरिए अखिलेश यादव गोरखपुर और बस्ती मंडल की 41 विधानसभा सीटों को साधने की रणनीति पर आगे बढ़ेंगे। पीडीए रथ पर सवार होकर वह कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच पहुंचेंगे। इस दौरान जगह-जगह स्वागत और जनसमर्थन के जरिए पार्टी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी। सपा की कोशिश इस आयोजन को केवल भीड़ जुटाने तक सीमित न रखकर इसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक माहौल तैयार करने के अवसर के रूप में इस्तेमाल करने की है।

क्रिकेट जगत में बड़ा धमाका, नसीर ने टेस्ट में शतक लगाकर चटके 5 विकेट, दोहराया 149 साल पुराना इतिहास

अहम सियासी पहलू चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र

इस रोड शो का सबसे अहम सियासी पहलू चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र है, जिसे निषाद पार्टी का मजबूत राजनीतिक आधार माना जाता है। ऐसे में अखिलेश यादव का यहां से शक्ति प्रदर्शन करना खास मायने रखता है। निषाद बहुल इलाकों में राजनीतिक पैठ बढ़ाने और विरोधी दलों के प्रभाव को चुनौती देने की रणनीति के तहत सपा इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण मान रही है।

टप्पू सिंह की समाजवादी पार्टी में एंट्री

वहीं, टप्पू सिंह की समाजवादी पार्टी में एंट्री ने चौरीचौरा की राजनीति को और दिलचस्प बना दिया है। स्थानीय राजनीतिक समीकरणों में उनकी भूमिका को सपा अपने पक्ष में माहौल बनाने के अवसर के रूप में देख रही है। पार्टी नेतृत्व इस रोड शो के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के साथ-साथ उन मतदाताओं तक भी पहुंच बनाने की कोशिश करेगा, जिनके बीच पिछले चुनावों में पार्टी अपेक्षित मजबूती हासिल नहीं कर सकी थी।

यूपी में तबादलों का दौर जारी; एसपी ने चलाया हंटर, सुलतानपुर में 37 दरोगा इधर से उधर

क्यों है अखिलेश यादव का यह दौरा महत्वपूर्ण

राजनीतिक दृष्टि से अखिलेश यादव का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद होने के साथ भाजपा का मजबूत राजनीतिक क्षेत्र भी है। ऐसे में चौरीचौरा से निकलने वाला यह सियासी संदेश सीधे तौर पर पूर्वांचल की राजनीति में अपनी मौजूदगी और चुनौती पेश करने की कोशिश माना जा रहा है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 20 किलोमीटर का यह मेगा रोड शो सपा के लिए कितना जनसमर्थन जुटाता है और क्या चौरीचौरा से उठने वाली राजनीतिक हलचल 2027 के विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल के सियासी समीकरणों को प्रभावित कर पाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  18 November 2026, 12:35 PM IST