
कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी (Img: Dynamite News)
Agra: आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव-2026 के बीच समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाकर सियासी हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासनिक मशीनरी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान उनके मतदाताओं को धमकाया जा रहा है।
अग्रवाल ने मौजूदा हालात की तुलना कांग्रेस सरकार के समय लगाए गए आपातकाल से भी करते हुए कहा कि स्थिति उससे भी ज्यादा खराब है।
सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल का आरोप है कि राज्य सरकार के निर्देश पर प्रशासनिक मशीनरी निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय एजेंट की तरह काम कर रही है। उन्होंने सीधे तौर पर योगी आदित्यनाथ सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पूरी प्रशासनिक व्यवस्था राज्य सरकार के इशारे पर काम कर रही है।
अग्रवाल ने मतदाताओं के साथ कथित व्यवहार पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि उनके मतदाताओं को इस तरह से धमकाया जा रहा है, मानो वे पाकिस्तान से आए हों और आतंकवादी हों। उन्होंने चुनाव के दौरान मतदाताओं के साथ ऐसे बर्ताव को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
आकाश अग्रवाल ने केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि राज्य निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में प्रशासनिक मशीनरी सरकार के इशारे पर काम कर रही है। उनके बयानों के बाद चुनाव के दौरान प्रशासन की भूमिका और निष्पक्ष मतदान का मुद्दा चर्चा में आ गया है।
आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 में सुबह 10 बजे तक कुल 9.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलेवार आंकड़ों में फर्रुखाबाद 15.53 प्रतिशत के साथ सबसे आगे रहा। इटावा में 15 प्रतिशत, कन्नौज में 14.06 प्रतिशत और मैनपुरी में 12 प्रतिशत मतदान हुआ।
अन्य जिलों में हाथरस में 8.89 प्रतिशत, फिरोजाबाद में 8.69 प्रतिशत, औरैया में 8.58 प्रतिशत, एटा में 8 प्रतिशत, आगरा में 7.13 प्रतिशत, कासगंज में 6.89 प्रतिशत, अलीगढ़ में 6.50 प्रतिशत और मथुरा में 4.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें- Samastipur Crime: ढाबा संचालक को पहले बेरहमी से पीटा, फिर पीठ में दागीं तीन गोलियां, गंभीर हालत में पटना रेफर
आगरा खंड स्नातक निर्वाचन में सुबह 10 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 7.37 रहा। इस श्रेणी में मैनपुरी में 14 प्रतिशत और हाथरस में 13.84 प्रतिशत मतदान हुआ। फर्रुखाबाद में 10 प्रतिशत, कन्नौज में 7.09 प्रतिशत, अलीगढ़ में 7.23 प्रतिशत, फिरोजाबाद में 6.50 प्रतिशत, कासगंज में 6.02 प्रतिशत और आगरा में 5.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं, औरैया में 4.95 प्रतिशत, इटावा में 4.50 प्रतिशत, मथुरा में 4.45 प्रतिशत और एटा में 4 प्रतिशत मतदान हुआ।
Location : Agra
Published : 23 October 2026, 12:13 PM IST