
इंडिया गेट पर छाया कोहरा
New Delhi: दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड और कोहरे दोनों का प्रभाव जनजीवन पर भी पड़ा। मौसम विभाग को अल सुबह तीन बजे कोहरे का यलो जबकि पांच बजे के आसपास आरेंज अलर्ट जारी करना पड़ गया। धुंध के कारण विमान व रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड और प्रदूषण का दोहरा हमला शुरू हो गया है। गुरुवार को राजधानी में जहां इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक भी छलांग लगाकर 375 तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। घना कोहरा छाने से दृश्यता के स्तर में कमी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में बुधवार की तुलना में गुरुवार को 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक की कमी दर्ज की गई।
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बढ़ी गलन भरी ठंड, कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी
राजधानी और उसके निकटवर्ती इलाकों में सुबह से घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जबकि सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम कोहरा और कुछ स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है। रात के समय हल्की धुंध या उथला कोहरा बने रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग में गुरुवार को हल्का हिमपात हुआ, जिससे अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। जम्मू कश्मीर के मैदानी इलाकों में वर्षा हुई तो शुक्रवार से हिमपात के आसार हैं।
हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान में सोलन में सात और कांगड़ा में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। ऊना, मंडी, धर्मशाला में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मंडी में कोहरे के कारण वाहन चालक परेशान हुए। मरम्मत कार्य के लिए दो दिन बंद रहने के बाद रोहतांग दर्रे पर गुरुवार को 428 वाहन पहुंचे। मौसम विभाग ने 19 दिसंबर को भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर बादल छाने की संभावना जताई है।
Location : New Delhi
Published : 19 December 2025, 6:43 AM IST
Topics : Coldwave Delhi FOG IMD Weather Update