Weather Update: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 15 राज्यों में 10 घंटे के भीतर बदलेगा मौसम का मिजाज, आंधी-तूफान और ओले गिरने की संभावना

देशभर में चक्रवाती तूफानों के असर से मौसम तेजी से बदल रहा है। IMD ने दिल्ली, यूपी, बिहार, उत्तराखंड समेत 15 राज्यों में भारी बारिश और 70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में ओले और लैंडस्लाइड की संभावना है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 November 2026, 8:30 AM IST

New Delhi: देशभर में चक्रवाती तूफानों के असर से मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बड़ा अपडेट देते हुए देश के 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम का रुख कड़ा रहेगा और 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

किन राज्यों में है भारी बारिश का अलर्ट?

IMD के अनुसार, चक्रवाती तूफानों जैसे अर्नब और मुरासु के प्रभाव से जिन 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, उनमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान मैदानी इलाकों में बिजली गिरने और पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड व ओले गिरने की पूरी संभावना है।

Weather News: बिहार-झारखंड समेत 15 राज्यों में येलो अलर्ट, जानिए दिल्ली से यूपी तक अगले 6 दिनों के मौसम का हाल

प्रमुख राज्यों और शहरों का हाल

उत्तराखंड: पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के ऋषिकेश, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में तूफानी बारिश का सबसे ज्यादा असर दिख सकता है, जहां हवा की गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। देहरादून में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

उत्तराखंड में भारी बारिश (सोर्स-Pinterest)

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज (3 नवंबर) भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। यहां 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश: यूपी के कई जिलों- जैसे बहराइच, कानपुर, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, कुशीनगर, महाराजगंज, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, सोनभद्र, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश और 40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है। राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

UP Weather News: यूपी में मानसून की झमाझम बारिश, इन 15 शहरों में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट

बिहार: बिहार के बेगूसराय, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, गया, सारण और सिवान में बारिश के साथ 50 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

आम लोगों के लिए जरूरी सावधानियां

मौसम में आए इस अचानक बदलाव के कारण तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, यात्रा के समय सावधानी बरतें और पेड़ों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें।

Location :  New Delhi

Published :  3 November 2026, 8:30 AM IST