भारत में मौसम का यू-टर्न: दिल्ली, UP-बिहार समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 70km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान समेत 15 राज्यों में भारी बारिश और 70 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। जल्द ही तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिलेगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 May 2026, 7:55 AM IST

New Delhi: उत्तर भारत के कई राज्यों में पड़ रही रिकॉर्डतोड़ गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग (IMD) ने एक बड़ी राहत भरी खबर दी है। विभाग ने अगले 20 घंटों के भीतर देश के 15 राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हवाएं चलने की आशंका है।

दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्य जो पिछले कई दिनों से भट्टी की तरह तप रहे हैं, वहां हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव से तापमान में भारी गिरावट आएगी और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से निजात मिलेगी।

केरल में मॉनसून की सुस्त शुरुआत, लेकिन अन्य क्षेत्रों में बढ़ा आगे

मौसम विभाग के मुताबिक, केरल में मानसून ने अपनी तय तारीख 26 मई को भले ही दस्तक न दी हो, लेकिन इसकी रफ्तार कमजोर नहीं पड़ी है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के इलाकों में तेजी से आगे बढ़ चुका है।

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर मॉनसून अरब सागर के बचे हुए हिस्सों में भी सक्रिय हो जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में देश के अन्य हिस्सों में भी प्री-मॉनसून गतिविधियों में तेजी आएगी।

यूपी में मौसम का डबल अटैक, बांदा में झुलसाती गर्मी और पूर्वांचल में तूफानी बारिश ने लोगों को चौंकाया

दिल्ली-एनसीआर में गिरेगा 8 डिग्री तक पारा, तेज आंधी की चेतावनी

दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में रहने वाले लोगों के लिए अगले तीन दिन बेहद राहत भरे होने वाले हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 28 से 31 मई के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है।

28 और 29 मई को राजधानी में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। 30 और 31 मई को भी हवाओं का दौर जारी रहेगा और हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहेगा।

यूपी-बिहार में ओलावृष्टि और तापमान में गिरावट का अनुमान

उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। यूपी के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर में 28 से 31 मई के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

विशेषकर 29 मई को कई जिलों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट है। वहीं, बिहार के पटना मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2-3 दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। उत्तर-मध्य और पूर्व बिहार के हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।

नौतपा के बीच मौसम का महा-यूटर्न: 20 राज्यों में आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट, IMD की बड़ी भविष्यवाणी

राजस्थान में झुलसाती गर्मी के बीच बरसेंगे बादल, पहाड़ी राज्यों में अलर्ट

राजस्थान इस समय देश में सबसे ज्यादा तप रहा है, जहाँ श्री गंगानगर में पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर-चूरू में 46 डिग्री से पार पहुंच गया है। हालांकि, 28 और 29 मई को जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में हल्की बारिश से मामूली राहत मिल सकती है। दूसरी तरफ पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड में अगले दो दिन बारिश और ओलावृष्टि का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।

उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली में भी 29 मई तक आंधी-तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में बिजली चमकने और तेज हवाओं को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

Location :  New Delhi

Published :  28 May 2026, 7:55 AM IST