

दिल्ली-एनसीआर में तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को शुक्रवार को बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और आंधी का अनुमान जताया है।
मौसम अपडेट (सोर्स-गूगल)
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। लेकिन शुक्रवार को मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि आज दिल्ली और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस दौरान तेज हवाएं और आंधी-तूफान की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है।
दिनभर उमस और गर्मी ने किया परेशान
वहीं बीते दिन गुरुवार को दिल्ली में दिनभर उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे तक 1.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, लेकिन यह राहत के लिए नाकाफी रही। अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम था।
नोएडा में कितना रहा तापमान?
इसके अलावा, नोएडा में गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश न होने से उमस ने लोगों को बेहाल किया। हालांकि, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) संतोषजनक रहा, नोएडा में 86 और ग्रेटर नोएडा में 104 दर्ज किया गया।
गाजियाबाद में गर्मी ने बढ़ाई परेशानी
गाजियाबाद में भी उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। जून के अंत में हुई जोरदार बारिश ने कुछ राहत दी थी, लेकिन जुलाई के शुरुआती दिन सूखे रहे, जिससे उमस और गर्मी बढ़ गई।
गुरुग्राम में मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस दिन से भारी बारिश का अनुमान
फरीदाबाद में भी उमस ने लोगों को खूब सताया। आर्द्रता 96% तक पहुंच गई, और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान 30 डिग्री तक गिर सकता है। साथ ही, 7 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है।
कुल मिलाकर, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बारिश से उमस और गर्मी से राहत की उम्मीद है। यह बदलाव न केवल मौसम को सुहाना बनाएगा, बल्कि लोगों के रोजमर्रा के जीवन में भी ताजगी लाएगा।