Site icon Hindi Dynamite News

आज का मौसम: अभी बारिश से राहत नहीं, देश के कई हिस्सों में फिर बरसेंगे बादल

देश के कई हिस्सों में भले ही बारिश थम गई हो, लेकिन मौसम विभाग ने फिर से भारी बारिश की चेतावनी दी है। दिल्ली और उत्तर भारत में गर्मी और उमस बढ़ गई है, वहीं पूर्वी राज्यों में बादल फिर से बरसने लगे हैं।
Post Published By: Mayank Tawer
Published:
आज का मौसम: अभी बारिश से राहत नहीं, देश के कई हिस्सों में फिर बरसेंगे बादल

New Delhi: देश के अधिकांश हिस्सों में मॉनसून कमजोर पड़ गया है, लेकिन राहत की यह घड़ी ज्यादा लंबी नहीं चलेगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में देश के लगभग आधे हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में पहले ही बारिश ने दस्तक दे दी है। वहीं, उत्तर भारत के कई राज्यों में अब उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।

गर्मी से बेहाल राजधानी, हल्की बारिश की उम्मीद

राजधानी दिल्ली से मॉनसून की लगभग पूरी तरह विदाई हो चुकी है। मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है, जिससे दिल्लीवासियों को फिर से तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर को बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। हालांकि इससे तापमान में खास गिरावट की उम्मीद नहीं की जा रही है।

पीएम मोदी आज ग्रेटर नोएडा आएंगे: करेंगे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन, जानें क्या होगा खास?

उमस से परेशान लोग

मॉनसून के कमजोर होते ही उत्तर प्रदेश में भी मौसम ने करवट ले ली है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में दोपहर के समय तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को उमस परेशान कर रही है। IMD ने यूपी के लिए किसी प्रकार की भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बौछारें भी गिर सकती हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में अधिक बदलाव की उम्मीद नहीं है।

पहाड़ों में हल्की बारिश, मैदानी इलाकों में गर्मी

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में भी मौसम बदल रहा है। जहां ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब भी कभी-कभी हल्की बारिश हो रही है, वहीं देहरादून जैसे मैदानी इलाकों में उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश या बौछारें हो सकती हैं। हालांकि यह बारिश सीमित होगी और व्यापक राहत की संभावना नहीं है।

महाराजा एक्सप्रेस से मथुरा पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रशासन ने की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

पूर्वी भारत में फिर से बारिश की दस्तक

पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में बारिश दोबारा सक्रिय हो गई है। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। विशेषकर बंगाल और ओडिशा के तटीय जिलों में अगले 48 घंटों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है।

क्या कहता है IMD?

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम एक बार फिर से मॉनसून को सक्रिय कर सकते हैं। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में पहले ही बारिश शुरू हो चुकी है। वहीं मध्य भारत और पूर्वी भारत में भी मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD ने कुछ राज्यों में यलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

Exit mobile version