
AI Genereted Image
गुरुग्राम: हरियाणा के मानेसर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कहासुनी के बाद एक बस चालक ने बुजुर्ग व्यक्ति को बस के अगले हिस्से में लगे पायदान पर लटकाकर करीब 15 किलोमीटर तक बस दौड़ाई। इस दौरान बुजुर्ग का बेटा अपनी कार से बस का पीछा करता रहा और पिता की जान बचाने के लिए चालक से बस रोकने की गुहार लगाता रहा। आरोप है कि चालक ने बस नहीं रोकी। आखिरकार कापड़ीवास बॉर्डर के पास बुजुर्ग का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बस उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गई। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मानेसर गांव निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। बेटे तनुष कुमार यादव की शिकायत पर मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तनुष कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनके पिता कृष्ण कुमार घर से मानेसर बस स्टैंड के लिए निकले थे। कुछ समय बाद उनके पिता का फोन उनकी मां गीता देवी के पास आया। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर एक बस चालक के साथ उनकी कहासुनी हो रही है।
यह जानकारी मिलते ही तनुष कुमार तुरंत बस स्टैंड पहुंचे। वहां राजस्थान नंबर की एक बस खड़ी थी। बस चालक और परिचालक उनके पिता के साथ तीखी बहस कर रहे थे। आरोप है कि जैसे ही चालक और परिचालक ने तनुष को अपनी ओर आते देखा, उन्होंने बस भगानी शुरू कर दी।
इसी दौरान कृष्ण कुमार बस के अगले हिस्से में शीशा साफ करने के लिए बने पायदान पर लटक गए।
शिकायत के मुताबिक, कृष्ण कुमार और उनके बेटे ने बस चालक को वाहन रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने बस नहीं रोकी। इसके बाद तनुष ने अपनी कार से बस का पीछा करना शुरू कर दिया।
बेटे ने कई बार कार बस के आगे लगाकर उसे रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान बस चालक ने कार में टक्कर भी मारी, लेकिन वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार जारी रखी। उधर, कृष्ण कुमार भी लगातार चालक से बस रोकने की गुहार लगाते रहे।
बताया गया है कि बस करीब 15 किलोमीटर तक इसी तरह चलती रही। इस दौरान किसी ने भी बस को रोकने का प्रयास नहीं किया। बेटे के मुताबिक, अगर समय रहते किसी ने हस्तक्षेप किया होता तो शायद उसके पिता की जान बच सकती थी।
घटना का सबसे दर्दनाक मोड़ कापड़ीवास बॉर्डर के पास आया। यहां बस ने जैसे ही मोड़ लिया, उसके अगले हिस्से के पायदान पर लटके कृष्ण कुमार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़े।
आरोप है कि चालक ने बस रोकने के बजाय उन्हें कुचलते हुए वाहन आगे बढ़ा दिया। इसके बाद बेटे ने तुरंत अपने पिता को उठाया और उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता की दर्दनाक मौत के बाद तनुष कुमार यादव ने मानेसर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस बस चालक और परिचालक की भूमिका के साथ घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर वाहन चालकों की जिम्मेदारी और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामूली कहासुनी के बाद जिस तरह एक बुजुर्ग को 15 किलोमीटर तक बस के आगे लटकाकर ले जाने का आरोप है, वह बेहद चिंताजनक है।
Location : Gurugram
Published : 21 November 2026, 2:48 PM IST
Topics : bus driver's negligence death of Krishan Kumar Gurugram crime news Manesar bus accident Manesar Police