
इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरते ही आई खराबी (IMG: Pinterest)
Pune: आसमान में उड़ान भरते ही इंडिगो के एक विमान में ऐसी तकनीकी खराबी आई कि यात्रियों की सांसें अटक गईं। महाराष्ट्र के पुणे से गुवाहाटी जा रही फ्लाइट को कुछ ही देर बाद वापस पुणे एयरपोर्ट लौटना पड़ा। विमान का लैंडिंग गियर उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा रहा था। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी। हालात को देखते हुए एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
पूरा मामला इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 0623 (VT-IZE) से जुड़ा है। यह विमान महाराष्ट्र के पुणे एयरपोर्ट से असम के गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ था। विमान में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों समेत कुल 192 लोग सवार थे। जानकारी के मुताबिक, विमान ने जैसे ही पुणे एयरपोर्ट से उड़ान भरी, कुछ ही देर बाद उसमें तकनीकी समस्या सामने आ गई। विमान का लैंडिंग गियर, यानी पहियों वाला हिस्सा, उड़ान भरने के बाद अंदर नहीं जा सका।
चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का कहर: इंडिगो की कई उड़ानें रद्द, आंध्र और तमिलनाडु में मौसम हुआ बेकाबू
विमान में खराबी की सूचना मिलते ही पुणे एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट हो गया। एटीसी, इंडिगो और संबंधित एजेंसियों के बीच तत्काल समन्वय शुरू किया गया। पुणे एयरपोर्ट का प्रबंधन करने वाली भारतीय वायुसेना (IAF) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। इसके बाद एयरपोर्ट पर आपातकालीन तैयारियां शुरू कर दी गईं।
अधिकारियों के मुताबिक, विमान को वापस लाने से पहले लैंडिंग गियर की स्थिति का पता लगाना जरूरी था। इसके लिए एहतियात के तौर पर विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि उसके पहियों की स्थिति का दृश्य निरीक्षण किया जा सके।
इंडिगो में नौकरी पक्की है… इस एक भरोसे ने गंवा दिए लाखों रुपये, पढ़ें गोरखपुर के ठगी की कहानी
काफी सतर्कता और जरूरी तैयारियों के बाद रविवार सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर इंडिगो की फ्लाइट ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। रनवे पर पहले से ही दमकल की गाड़ियां और एंबुलेंस तैनात थीं। लैंडिंग के बाद निर्धारित आपातकालीन प्रक्रिया के तहत तीन दमकल गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर-7 तक ले जाया गया।
इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 192 लोग सुरक्षित रहे। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को चोट नहीं आई है। इमरजेंसी खत्म होने के बाद विमान में एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतार लिया गया।
Location : Pune
Published : 15 November 2026, 1:08 PM IST