सत्य निकेतन PG हादसे में बड़ा खुलासा, आखिर किस वजह से ढह गई इमारत? सामने आया हादसे का राज

दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन पीजी हादसे की जांच में ठेकेदार सनोज ने पुलिस को बताया कि मालिक के बेटे के कहने पर पिलर, सीढ़ियां और पार्टिशन की दीवार हटाई गई थी। पुलिस के मुताबिक, इन हिस्सों को हटाने के करीब आधे घंटे बाद इमारत ढह गई। मामले में जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 September 2026, 8:42 AM IST

New Delhi: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में डेज पीजी हॉस्टल इमारत ढहने के मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार ठेकेदार सनोज ने बताया कि इमारत के मालिक के बेटे महेश के कहने पर उसने पिलर, बेसमेंट से ऊपर जाने वाली सीढ़ियां और पार्टिशन की दीवार हटाई थी। इन संरचनात्मक हिस्सों को हटाने के करीब आधे घंटे बाद ही इमारत ढह गई।

ठेकेदार ने बताई पिलर हटाने की पूरी कहानी

दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस के अनुसार, हादसे के समय इमारत के बेसमेंट में भराई का काम चल रहा था। बेसमेंट का एक हिस्सा लगभग भर दिया गया था। इसी दौरान वहां मौजूद पिलर, बेसमेंट से ऊपर जाने वाली सीढ़ियों और पार्टिशन की दीवार को हटाया गया।

पुलिस पूछताछ में ठेकेदार सनोज ने दावा किया कि ये हिस्से भवन मालिक के बेटे महेश के कहने पर हटाए गए थे। इसके करीब 30 मिनट बाद ही पूरी इमारत जमींदोज हो गई।

बिना अनुभव और लाइसेंस के कर रहा था काम

जांच में यह भी सामने आया है कि ठेकेदार सनोज के पास निर्माण कार्य का न तो पर्याप्त अनुभव था और न ही कोई लाइसेंस। वह कामचलाऊ मिस्त्री के तौर पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक, उसे और उसके दो मजदूरों को एक दिन के काम के करीब 2,800 रुपये मिलते थे।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इमारत के महत्वपूर्ण संरचनात्मक हिस्सों को बिना किसी तकनीकी विशेषज्ञ की सलाह के हटाने का फैसला क्यों लिया गया। जांच एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि इन बदलावों और इमारत गिरने के बीच सीधा संबंध था या नहीं।

मीरजापुर में युवक को जंगल ले जाकर पीटा, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने खोली पूरी कहानी; 4 गिरफ्तार

पीजी संचालक ने कोर्ट में किया सरेंडर

मामले में पीजी संचालक शुभम त्यागी ने शुक्रवार को पटियाला हाउस कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। शुभम मकान मालिक हरिराम गुप्ता से पट्टे पर लेकर पीजी चला रहा था। हादसे के बाद से वह फरार था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश कर रही थीं।

इस मामले में इमारत मालिक के बेटे महेश, श्रमिक ठेकेदार सनोज कुमार और पीजी संचालक शुभम त्यागी को आरोपी बनाया गया है। वहीं 81 वर्षीय हरिराम गुप्ता और उनकी 75 वर्षीय पत्नी उर्मिला भी न्यायिक हिरासत में हैं।

BRICS Summit में विदेशी मेहमानों के सामने दिखेगी जयपुर की शाही कारीगरी, 300 कारीगरों ने तैयार किया खास सिल्वरवेयर

चार निगम इंजीनियर भी निलंबित

सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने दक्षिण क्षेत्र के उपायुक्त राकेश कुमार समेत चार इंजीनियरों को अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित रहने तक निलंबित किया है।

पुलिस अब इमारत में किए गए संरचनात्मक बदलाव, बेसमेंट में चल रहे मरम्मत और विस्तार के काम तथा इमारत गिरने के बीच संबंध की जांच कर रही है।

मोबाइल चैट से भी सुराग तलाश रही पुलिस

जांच के दौरान पुलिस आरोपी सुधांशु लवनीश के मोबाइल फोन रिकॉर्ड और ऑनलाइन चैट की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे हादसे के तुरंत बाद आरोपियों की गतिविधियों और घटनाक्रम की जानकारी मिल सकती है। लवनीश का मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

फिलहाल पुलिस की जांच का अहम बिंदु यही है कि इमारत में किए गए संरचनात्मक बदलावों ने हादसे में कितनी भूमिका निभाई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी थी।

Location :  Satya Niketan

Published :  12 September 2026, 8:42 AM IST