रेहान वाड्रा और अवीवा बेग की सगाई के बाद पहली तस्वीर सामने आई है, जिसे रेहान ने सोशल मीडिया पर साझा किया। रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी ने दोनों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। परिवार की सहमति से तय हुए इस रिश्ते ने सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है।

रेहान वाड्रा और अवीवा बेग (Img: Google)
New Delhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई के बाद अब पहली तस्वीर सामने आ गई है। 29 दिसंबर 2025 को रेहान वाड्रा और अवीवा बेग ने परिवार की मौजूदगी में सगाई की थी। इसके बाद रेहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अवीवा के साथ अपनी पहली तस्वीर साझा की, जिसने सभी अटकलों और अफवाहों पर विराम लगा दिया है।
रेहान द्वारा शेयर की गई तस्वीर के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है। तस्वीर में दोनों बेहद सहज और खुश नजर आ रहे हैं। लंबे समय से उनकी शादी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन इस पोस्ट ने साफ कर दिया कि दोनों ने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दे दिया है। फैंस और शुभचिंतक लगातार दोनों को नए जीवन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।
रेहान वाड्रा के पिता रॉबर्ट वाड्रा ने बेटे की सगाई पर खुशी जाहिर करते हुए भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा, “मेरे बेटे को उसकी जीवनसंगिनी मिल गई है। मेरी दुआएं हमेशा उसके साथ हैं। उनका जीवन खुशियों, प्यार, अटूट साथ और शक्ति से भरा रहे। ईश्वर करे कि वे इस जीवन यात्रा में एक-दूसरे का हाथ थामे रखें और साथ मिलकर आगे बढ़ें।”
प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इंस्टाग्राम पर रेहान और अवीवा को ढेर सारा प्यार देते हुए एक भावनात्मक पोस्ट साझा की। उन्होंने लिखा कि दोनों हमेशा एक-दूसरे का सम्मान करें और वैसे ही अच्छे दोस्त बने रहें, जैसे वे बचपन से रहे हैं। प्रियंका का यह संदेश सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।
रेहान वाड्रा और अवीवा बेग दोनों को फोटोग्राफी का खास शौक है। यही साझा रुचि दोनों को और करीब लाई। बताया जा रहा है कि रेहान ने हाल ही में अवीवा को खास अंदाज में प्रपोज किया था। दोनों परिवारों की सहमति से यह रिश्ता तय हुआ, जिससे सगाई का आयोजन बेहद सादगी और अपनापन लिए रहा।
कुछ समय पहले रेहान और अवीवा को सवाई माधोपुर के रणथंभौर नेशनल पार्क में साथ घूमते देखा गया था। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उनके साथ मौजूद थे। इस यात्रा ने भी दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया था।
बता दें कि रेहान वाड्रा ने देहरादून के प्रतिष्ठित दून स्कूल से पढ़ाई की है, जहां से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और राहुल गांधी भी शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। इसके बाद रेहान ने लंदन में उच्च शिक्षा पूरी की। वहीं, अवीवा बेग का परिवार भी वाड्रा परिवार के काफी करीब माना जाता है।