मध्य पूर्व में जारी भीषण युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत कर शत्रुता जल्द समाप्त करने की अपील की। इससे पहले उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से भी चर्चा की। बढ़ते संकट को लेकर पीएम मोदी ने CCS की आपात बैठक बुलाई।

पीएम नरेंद्र मोदी और इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Img: Google)
New Delhi: मध्य पूर्व एशिया इस समय भीषण सैन्य टकराव की चपेट में है। इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर लगातार हमलों के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई (Ali Khamenei) समेत कई शीर्ष नेताओं की मौत की खबरों ने क्षेत्रीय अस्थिरता को और गहरा दिया है।
इसकी जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजरायल, यूएई, बहरीन, कतर और कुवैत सहित कई देशों को निशाना बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) से फोन पर बातचीत कर मौजूदा हालात पर चर्चा की। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने हालिया घटनाक्रम पर भारत की गंभीर चिंताओं से अवगत कराया और स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में शत्रुता की शीघ्र समाप्ति और संवाद की बहाली पर जोर दिया। भारत ने दोहराया कि मौजूदा संकट का समाधान सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि कूटनीति और बातचीत के जरिए ही संभव है। यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में युद्ध का दायरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Had a telephone call with PM Benjamin Netanyahu to discuss the current regional situation. Conveyed India's concerns over recent developments and emphasised the safety of civilians as a priority. India reiterates the need for an early cessation of hostilities.@netanyahu
— Narendra Modi (@narendramodi) March 1, 2026
इससे पहले पीएम मोदी ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (Mohamed bin Zayed Al Nahyan) से भी टेलीफोन पर बातचीत की। उन्होंने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
Spoke with President of the UAE, my brother Sheikh Mohamed bin Zayed Al Nahyan. Strongly condemned the attacks on the UAE and condoled the loss of lives in these attacks. India stands in solidarity with the UAE in these difficult times.
Thanked him for taking care of the Indian…
— Narendra Modi (@narendramodi) March 1, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है। साथ ही उन्होंने वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए यूएई सरकार का आभार जताया। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और तनाव कम करने के प्रयासों पर सहमति जताई।
मध्य पूर्व में बढ़ते संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आवास पर कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। करीब तीन घंटे चली इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल हुए।
बैठक में ईरान-इजरायल संघर्ष के भारत पर संभावित प्रभावों, खासकर ऊर्जा आपूर्ति, आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्र में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा की गई। सरकार ने संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने और आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।