प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। जेवर एयरपोर्ट से इंडिगो और आकासा एयर जैसी एयरलाइंस 45 दिनों में 10 शहरों के लिए उड़ानें शुरू करेंगी। 30 सेकंड चेक-इन सुविधा और रोजगार के नए अवसरों की पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

पीएम मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का किया उद्घाटन ( Photo source : Google )
New Delhi : शनिवार के दिन को दिल्ली-एनसीआर और पूरे देश के लोगों के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दोपहर ठीक 12:30 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस ऐतिहासिक पल के गवाह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बनें, जो प्रधानमंत्री के साथ एयरपोर्ट के चप्पे-चप्पे का बारीकी से निरीक्षण करते नजर आएं। उद्घाटन के साथ ही यह एयरपोर्ट अब आधिकारिक रूप से देश की प्रगति का नया रनवे बन चुका है।
इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से न केवल पर्यटन को पंख लगेंगे, बल्कि करीब 1,00,000 लोगों के लिए रोजगार के नए द्वार भी खुल गए हैं, जो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह बदल कर रख देगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अपनी जिस खूबी के लिए दुनिया भर में चर्चा बटोर रहा है, वह है यहां की अल्ट्रा-फास्ट प्रोसेसिंग स्पीड। इस एयरपोर्ट पर यात्रियों को अब लंबी लाइनों में पसीना बहाने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि यहां अत्याधुनिक तकनीक के जरिए महज 30 सेकंड में चेक-इन की सुविधा दी गई है।
यह भारत का पहला ऐसा स्मार्ट एयरपोर्ट है, जहां सुरक्षा और सुविधा का ऐसा बेजोड़ संगम देखने को मिल रहा है।
एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही अब विमानों के शोर से जेवर का आसमान गूंजने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिचालन शुरू होने के महज 45 दिनों के भीतर देश के 10 प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू हो जाएंगी।
इनमें मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा और जयपुर जैसे बड़े महानगर शामिल हैं। सबसे बड़ी खबर यह है कि इंडिगो इस एयरपोर्ट की लॉन्च एयरलाइन बनने जा रही है, जो सबसे ज्यादा उड़ानें संचालित करेगी।
इसके साथ ही आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, जिससे न केवल घरेलू, बल्कि जल्द ही अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी यात्रियों को शानदार कनेक्टिविटी मिलेगी।