Petrol-Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल के साथ अब CNG भी हुई महंगी, दिल्ली-मुंबई समेत महानगरों में नए रेट लागू

देशभर में पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में भारी बढ़ोतरी। पिछले 10 दिनों में तेल ₹5 प्रति लीटर तक महंगा हुआ है, वहीं दिल्ली में अब CNG ₹81.09 प्रति किलो मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के बढ़ते दामों के चलते तेल कंपनियों ने यह फैसला लिया है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 23 May 2026, 8:19 AM IST

New Delhi: देशभर में आम जनता पर महंगाई की मार लगातार बढ़ती जा रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जारी क्रमिक बढ़ोतरी के बीच अब आम आदमी को एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू बाजार में अब सीएनजी (CNG) की कीमतों में भी 1 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा कर दिया गया है।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में कल तक जो सीएनजी 80.09 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, उसकी कीमत अब बढ़कर 81.09 रुपये हो गई है। सीएनजी के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल के दामों में भी सरकारी तेल कंपनियों ने बड़ी बढ़ोतरी की है, जिससे माल ढुलाई और दैनिक यात्रा महंगी होने के आसार हैं।

पिछले 10 दिनों में 5 रुपये तक महंगा हुआ तेल

सरकारी तेल कंपनियों द्वारा जारी ताजा समीक्षा के अनुसार, इस बार पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। अगर पिछले 10 दिनों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो कुल मिलाकर ईंधन की कीमतों में लगभग 5 रुपये प्रति लीटर का भारी इजाफा हो चुका है।

इस ताजा बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गई है, जो 100 रुपये के बेहद करीब है। वहीं, दिल्ली में डीजल का नया भाव 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

यूपी में पेट्रोल के दामों में उतार-चढ़ाव, कई जिलों में राहत तो कहीं बढ़ी कीमतें

चारों महानगरों का हाल: कोलकाता में पेट्रोल 110 रुपये के पार

इस संशोधन के बाद देश के सभी प्रमुख महानगरों में ईंधन के दाम आसमान छू रहे हैं। मुंबई में पेट्रोल अब 108.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। चेन्नई में पेट्रोल का भाव 105.31 रुपये और डीजल का रेट 96.98 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं, चारों महानगरों में सबसे महंगा ईंधन कोलकाता में है, जहां पेट्रोल की कीमत 110.64 रुपये प्रति लीटर (94 पैसे की बढ़ोतरी) और डीजल का दाम 97.02 रुपये प्रति लीटर (95 पैसे की बढ़ोतरी) तक पहुंच गया है। चेन्नई में पेट्रोल पर 82 पैसे और डीजल पर 87 पैसे बढ़ाए गए हैं।

आखिर क्यों बढ़ रहे हैं दाम? अंतरराष्ट्रीय बाजार में तनाव बड़ी वजह

तेल कंपनियों के अधिकारियों के मुताबिक, खुदरा कीमतों में इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आ रहा लगातार उछाल है। पश्चिम एशिया (Middle East) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और संघर्ष के कारण वैश्विक स्तर पर तेल की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। सप्लाई बाधित होने की आशंका से कच्चे तेल के दाम तेजी से बढ़े हैं।

देश में अचानक बढ़ी EV की डिमांड, पेट्रोल-डीजल महंगे होने से लोगों का रुख इलेक्ट्रिक कारों की ओर

चूंकि भारत अपनी जरूरत का करीब 85 प्रतिशत कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में होने वाली किसी भी हलचल का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ता है। लगातार तीसरी बार हुई इस बढ़ोतरी से अब परिवहन लागत बढ़ने और फल-सब्जियों सहित जरूरी सामानों के महंगे होने की आशंका जताई जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  23 May 2026, 8:14 AM IST