पाकिस्तान में बैठकर कश्मीर में कत्ल की साजिश! लश्कर कमांडर अबू सुमामा पर NIA कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

जम्मू-कश्मीर में आतंकी साजिश और टारगेट किलिंग के कथित नेटवर्क की जांच में एनआईए ने पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-ताइबा कमांडर मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा को आरोपी बनाया है। एनआईए कोर्ट ने फरार आतंकी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। जांच में गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकियों के खुलासों के आधार पर अबू सुमामा पर कश्मीर में सुरक्षाबलों और आम नागरिकों की टारगेट किलिंग के निर्देश देने और आतंकी नेटवर्क को मदद पहुंचाने के आरोप हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 1:50 PM IST

Jammu: जम्मू-कश्मीर में आतंकी साजिश के एक कथित नेटवर्क की जांच करते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने पाकिस्तान बैठे एक लश्कर-ए-ताइबा कमांडर पर शिकंजा कस दिया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा ने कश्मीर घाटी में सक्रिय पाकिस्तानी आतंकियों को सुरक्षाबलों और आम नागरिकों की टारगेट किलिंग के निर्देश दिए थे। अब जम्मू की विशेष एनआईए अदालत ने इस फरार आतंकी कमांडर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया है। एनआईए के रिकॉर्ड में याकूब कई नामों से दर्ज है।

एनआईए कोर्ट ने जारी किया गैर-जमानती वारंट

जम्मू के स्पेशल जज (एनआईए) प्रेम सागर ने एनआईए के मुख्य जांच अधिकारी और डिप्टी एसपी अमित शर्मा की अर्जी को मंजूर कर लिया। जांच अधिकारी ने BNSS की धारा 75 के तहत फरार आतंकी कमांडर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने की मांग की थी। कोर्ट ने आवेदन पर विचार करने के बाद मोहम्मद याकूब के खिलाफ वारंट जारी किया। यह कार्रवाई एनआईए बनाम मोहम्मद नकीब भट और अन्य मामले में की गई है।

एक नाके से खुली आतंकी नेटवर्क की परत

मामले की शुरुआत जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक कार्रवाई से हुई थी। श्रीनगर के पांडच इलाके में गूजर टेंट के पास नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्थानीय रजिस्ट्रेशन वाली एक मोटरसाइकिल को रोका। मोटरसाइकिल सवार की पहचान श्रीनगर के बटपोरा इलाके की फजल हक कॉलोनी निवासी मोहम्मद नकीब भट के तौर पर हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक चीनी ग्रेनेड और 15 कारतूस बरामद किए गए।

‘टीटीई है या वॉचमैन?’ पाकिस्तानी ट्रेन के 1AC में टिकट चेकिंग का वीडियो वायरल, यूनिफॉर्म देख भारतीयों ने लिए मजे

स्थानीय मददगारों पर भी कार्रवाई

जांच में मोहम्मद नकीब भट के अलावा आदिल राशिद भट और गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा के नाम भी सामने आए। इन लोगों पर आतंकियों को कथित तौर पर आश्रय, भोजन और दूसरी लॉजिस्टिक मदद उपलब्ध कराने के आरोप हैं। इसके बाद जांच एजेंसियों ने पाकिस्तानी आतंकियों तक अपनी जांच का दायरा बढ़ाया। अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा और उस्मान उर्फ खुबैब को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों लंबे समय से कश्मीर में सक्रिय विदेशी आतंकियों में शामिल थे।

खुलासे से सामने आया अबू सुमामा का नाम

एनआईए ने अदालत को बताया कि गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकियों अब्दुल्ला राजपूत उर्फ कामरान अहमद और खुबैब उर्फ उस्मान जट्ट से पूछताछ के दौरान मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा की भूमिका सामने आई। जांच एजेंसी का दावा है कि इन खुलासों से पता चला कि अबू सुमामा पाकिस्तान से कश्मीर में सक्रिय आतंकियों को निर्देश दे रहा था। आरोप है कि उसने गिरफ्तार पाकिस्तानी आतंकियों को सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को निशाना बनाकर टारगेट किलिंग करने के निर्देश दिए थे।

इस महिला की तलब में पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की जेल में हालत खराब, जानें कौन है वो हुस्न की परी?

गृह मंत्रालय ने आतंकी घोषित किया

अभियोजन पक्ष ने स्पेशल कोर्ट के सामने यूएपीए एक्ट के तहत नामित आतंकवादियों की सरकारी सूची भी पेश की। एनआईए के मुताबिक, मोहम्मद याकूब का नाम इस सूची में चौथे शेड्यूल में सीरियल नंबर 74 पर दर्ज है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जुलाई में मोहम्मद याकूब उर्फ अबू सुमामा को आतंकवादी घोषित किया था। इसके बाद जांच एजेंसी ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई को और तेज किया।

19 ठिकानों पर छापेमारी से मिले हथियार

एनआईए की जांच का दायरा जम्मू-कश्मीर तक सीमित नहीं रहा। जांचकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा में कुल 19 स्थानों पर तलाशी ली। अधिकारियों के मुताबिक, इन तलाशी अभियानों के दौरान एके सीरीज की राइफल, पिस्तौल, हैंड ग्रेनेड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

Location :  Jammu

Published :  19 August 2026, 1:50 PM IST