उत्तर भारत में बारिश बनी आफत! बादल फटते ही खिलौनों की तरह बहीं गाड़ियां, 23 मौतों से दहला जम्मू-कश्मीर

उत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई राज्यों में हालात बिगाड़ दिए हैं। जम्मू-कश्मीर में बादल फटने के बाद आई तबाही ने कई परिवारों की जिंदगी बदल दी, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 July 2026, 1:35 PM IST

Srinagar: उत्तर भारत में मानसून अब राहत नहीं, बल्कि बड़ी मुसीबत बन गया है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और असम समेत कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जगह बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है।

सबसे ज्यादा नुकसान जम्मू-कश्मीर में हुआ है, जहां दो दिनों के भीतर बारिश से जुड़ी घटनाओं में 23 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

बादल फटते ही मची तबाही

जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज और तुलैल घाटी के जेदगाई व अछूरा गांवों में लगातार बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया। तेज बहाव में कई वाहन खिलौनों की तरह बह गए। पेड़ उखड़ गए, खेत तबाह हो गए और कई मकानों को भारी नुकसान पहुंचा। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

ये भी पढ़ें- पुलिस को देखते ही चलाई गोली, जवाब में खाकी ने सिखाया सबक; अमेठी में मुठभेड़ के बाद सलाखों के पीछे पहुंचे 4 बदमाश

पुंछ में दर्दनाक हादसा

बारिश का सबसे दर्दनाक मंजर पुंछ जिले में देखने को मिला। भारी बारिश के बीच एक कच्चा मकान ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के सात लोग मलबे में दब गए। इनमें एक महिला और उसके दो छोटे बच्चे भी शामिल थे। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया, लेकिन सभी को बचाया नहीं जा सका। इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया।

सात लोग अब भी लापता

लगातार बारिश और फिसलन के कारण राहत और बचाव कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं। पुंछ और राजौरी जिलों में सात लोगों की तलाश जारी है। वहीं, कई इलाकों में सड़कें बंद होने से राहत दलों को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर असर

उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण करीब 150 सड़कें बंद हो गई हैं। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। बागेश्वर जिले में सरयू नदी में बहने से आठ साल के एक बच्चे की मौत हो गई। देहरादून, हरिद्वार और टिहरी समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। एहतियात के तौर पर स्कूलों में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- 3 अगस्त से शुरू होगा यूपी विधानसभा का मॉनसून सत्र; योगी कैबिनेट ने लगाई मुहर

हिमाचल और यूपी भी अलर्ट पर

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण सड़कें बंद हैं और बिजली व पानी की कई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और चंबा जैसे जिलों में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लोगों को बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

असम और दिल्ली में भी मौसम का असर

असम के गुवाहाटी में कई जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। दूसरी ओर दिल्ली में हल्की बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने राजधानी में अगले दो दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और पहाड़ी इलाकों से दूर रहने की अपील की है। जिन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को केवल जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Location :  Srinagar

Published :  21 July 2026, 1:35 PM IST