Weather Update: नए साल से पहले ठंड का प्रकोप, दिल्ली से बिहार तक शीतलहर; घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी

नए साल से पहले उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान लगातार गिरने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 28 December 2025, 8:22 AM IST

New Delhi: नए साल के जश्न से पहले ही मौसम ने देशभर में सर्दी का तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब-हरियाणा में ठंड का असर साफ नजर आ रहा है।

लगातार गिरते तापमान और सूरज की गैरमौजूदगी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। सुबह और रात के समय घना कोहरा सड़कों पर दृश्यता को बेहद कम कर रहा है, जिससे रेल और सड़क यातायात पर भी असर पड़ रहा है।

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 28 दिसंबर की सुबह मध्यम से घने कोहरे के साथ शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

सर्दी और पॉल्यूशन से बचना है तो डाइट में शामिल करें ये 5 देसी चीजें, इम्यूनिटी होगी मजबूत

ठंडी हवाओं और कोहरे की वजह से सुबह के समय दृश्यता काफी कम रह सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे का असर

उत्तर प्रदेश में धूप न निकलने के कारण ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने 28 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों में **कोल्ड डे** और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य रूप से साफ रह सकता है, लेकिन पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 30 दिसंबर के बाद कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा।

देश के प्रमुख शहरों का तापमान

देश के प्रमुख शहरों में तापमान में साफ अंतर देखने को मिल रहा है। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मुंबई में मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है, जहां अधिकतम 29 और न्यूनतम 23 डिग्री तापमान रहा। चेन्नई में 28 डिग्री अधिकतम और 24 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि कोलकाता में अधिकतम 24 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर भारत के शहरों में ठंड ज्यादा असर दिखा रही है लखनऊ में अधिकतम 19 और न्यूनतम 9 डिग्री, पटना में 19 और 12 डिग्री तथा रांची में 22 और 7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक गिर गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड सबसे ज्यादा है, जहां मनाली में अधिकतम 3 और न्यूनतम तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं जयपुर में 23 डिग्री अधिकतम और 9 डिग्री न्यूनतम तथा शिमला में 19 डिग्री अधिकतम और 5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

उत्तर भारत में तापमान लुढ़का (Img- Internet)

राजस्थान में तापमान गिरा, जयपुर में बढ़ी ठंड

राजस्थान के कई हिस्सों में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक करौली में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि पाली में 3.4 डिग्री और अंता में 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दौसा, अलवर, नागौर और लूणकरणसर जैसे जिलों में भी तापमान 6 डिग्री से नीचे बना हुआ है। राजधानी जयपुर में तापमान 9 डिग्री या उससे भी नीचे जाने की संभावना जताई जा रही है।

पंजाब-हरियाणा में भीषण ठंड और कोहरा

पंजाब और हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब का शहीद भगत सिंह नगर जिला स्थित बल्लोवाल सौंखरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री, लुधियाना में 4.6 डिग्री और पटियाला में 7 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

सर्दी और बढ़ते प्रदूषण ने बढ़ाई आंखों-सांस की परेशानी, दिल्ली में आई ड्रॉप और मास्क की बिक्री तेज

सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खास सावधानी बरतने को कहा गया है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। नए साल की शुरुआत ठंड के साथ होने वाली है, ऐसे में गर्म कपड़ों और सावधानी के साथ ही बाहर निकलना बेहतर रहेगा।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 28 December 2025, 8:22 AM IST