राज्यसभा चुनाव 2026: बिहार से नितिन नवीन संग किसे मिला मौका? पार्टी का दूसरा सरप्राइज फैसला

भारतीय जनता पार्टी ने बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिए नितिन नवीन को उम्मीदवार घोषित किया है। उनके साथ दूसरे उम्मीदवार के नाम ने राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ा दी है। दोनों नेता 5 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे। 16 मार्च को मतदान होना है और बिहार की पांच सीटों पर मुकाबला दिलचस्प माना जा रहा है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 3 March 2026, 4:48 PM IST

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 2026 के राज्यसभा चुनाव के लिए बिहार से अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है। उनके साथ दलित नेता शिवेश कुमार राम को भी उम्मीदवार बनाया गया है। दोनों नेता 5 मार्च को नामांकन दाखिल करेंगे।

संगठन से संसद तक नितिन नवीन

पटना के रहने वाले नितिन नवीन हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। वे बांकीपुर सीट से विधायक हैं और बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। पांच बार विधायक रह चुके नितिन नवीन संगठन और सरकार दोनों स्तर पर सक्रिय रहे हैं। नितिन नवीन का नाम पहले से ही संभावित उम्मीदवारों की सूची में चर्चा में था। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कायस्थ समाज से आने वाले नितिन नवीन को राज्यसभा भेजकर भाजपा ने सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की है। राष्ट्रीय स्तर पर उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए राज्यसभा में उनकी मौजूदगी पार्टी के लिए रणनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।

दूसरी सीट पर भाजपा का दलित दांव

भाजपा ने दूसरी सीट से शिवेश कुमार राम को उम्मीदवार बनाकर दलित समाज को साधने की कोशिश की है। वे सासाराम से लोकसभा चुनाव 2024 में पार्टी के उम्मीदवार थे हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
शिवेश राम पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष और प्रदेश सचिव जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री मुन्नी लाल के पुत्र हैं और लंबे समय से संगठन में सक्रिय हैं। माना जा रहा है कि उनके जरिए भाजपा सामाजिक समीकरण मजबूत करना चाहती है।

एनडीए की रणनीति और अन्य नाम

भाजपा के बिहार अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा है कि एनडीए की ओर से उपेंद्र कुशवाहा भी राज्यसभा उम्मीदवार होंगे। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) की ओर से दो नामों की घोषणा बाकी है। भाजपा ने बिहार की सभी पांच सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया है।

16 मार्च को मतदान, मुकाबला रोचक

बिहार समेत देश की 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव प्रक्रिया जारी है। 5 मार्च नामांकन की आखिरी तारीख है जबकि 16 मार्च को मतदान होगा। बिहार की पांच सीटों में से मौजूदा संख्याबल के आधार पर एनडीए की चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। पांचवीं सीट के लिए मुकाबला रोचक हो सकता है, क्योंकि विपक्ष की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने भी उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनावी मुकाबले के संकेत दिए हैं। क्रॉस वोटिंग की भी संभावना जताई जा रही है।

जदयू से निशांत कुमार की एंट्री?

सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी राज्यसभा भेजा जा सकता है। वे हरिवंश नारायण की जगह ले सकते हैं। जिनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इसके अलावा जदयू की ओर से रामनाथ ठाकुर को दोबारा राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 3 March 2026, 4:48 PM IST