
कई बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी (Image Source: Dynamite News)
New Delhi: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की पहली विदेश यात्रा भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने वाली रही। लगभग 25 घंटे की राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन्द्र शाह के बीच करीब 100 मिनट तक द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस दौरान भारत ने नेपाल के विकास के लिए 15 हजार करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की। दोनों देशों के बीच आठ महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए और कुल 19 घोषणाएं की गईं। साथ ही भविष्य की साझेदारी के लिए 'विकसित भारत और समुनत नेपाल' का संयुक्त विजन दस्तावेज जारी किया गया। मंगलवार शाम नेपाल लौटे प्रधानमंत्री शाह की इस यात्रा को दोनों देशों के बीच विश्वास मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मंगलवार सुबह राष्ट्रपति भवन में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का राजकीय स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक भी हुई, जिसमें दोनों देशों के संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद से जुड़े मुद्दे भी बातचीत में शामिल रहे।
कासगंज में वायरल वीडियो के बाद चिकन शॉप पर छापा, लाइसेंस सस्पेंड; जांच को भेजे गए नमूने
बैठक के बाद प्रधानमंत्री शाह ने भारत और नेपाल के संबंधों को हिमालय की तरह अडिग और समुद्र की तरह व्यापक बताया। उन्होंने भारत को नेपाल का भरोसेमंद पड़ोसी बताया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता केवल पड़ोस तक सीमित नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का है।
पीएम मोदी ने कहा, ''भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है। हमारी खुशियां साझी हैं और हमारी चुनौतियां भी।'' उन्होंने दोनों देशों की साझी प्रगति और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा बनने की भावना का भी उल्लेख किया। मोदी ने माता सीता, भगवान राम और भगवान बुद्ध के आशीर्वाद को दोनों देशों के संबंधों की विशेष ताकत बताया।
भारत ने नेपाल के विकास के लिए कुल 15,000 करोड़ रुपये यानी लगभग 24,000 करोड़ नेपाली रुपये की सहायता की घोषणा की। इसमें बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और नई अवसंरचना परियोजनाओं के लिए 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता शामिल है। इसके अलावा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए 11,500 करोड़ रुपये की रुपया-मूल्य की ऋण रेखा देने की घोषणा की गई।
संयुक्त घोषणा पत्र के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह ने रसुवा-भोटेकोशी बाढ़ के बाद भारत की ओर से दी गई मानवीय और तकनीकी सहायता की सराहना की।
यात्रा के दौरान आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें फॉरेंसिक साइंस, पुलिस अकादमी, सिविल सेवकों के क्षमता निर्माण, आयुर्वेद, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, टिकाऊ शहरी विकास, स्वास्थ्य और पशुधन-मत्स्य विकास से जुड़े समझौते शामिल हैं।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने 'विकसित भारत और समुनत नेपाल' का संयुक्त विजन भी अपनाया। इसमें आर्थिक विकास, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, जल संसाधन और जन-जन संपर्क के साथ जलवायु सहनशीलता, आपदा प्रबंधन, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं, अंतरिक्ष और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग का रोडमैप शामिल है। भारत ने नेपाल में आईआईटी का ऑफ-शोर कैंपस स्थापित करने पर भी सहमति जताई।
दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण फैसले किए गए। काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को द्विदिश बनाने पर सहमति बनी। नेपाल को व्यापार के लिए दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) और बाद में पारादीप बंदरगाह की सुविधा देने की घोषणा की गई।
अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया गया। इस सेवा से रामायण सर्किट पर पर्यटन को बढ़ावा देने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मौके पर कहा कि नेपाल के बिना भारत के धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना राम भी अधूरे हैं।
महराजगंज में DPRO का औचक निरीक्षण, गांव में गंदगी देख सफाई कर्मी पर गिरी गाज
इसके अलावा रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिफाइड ब्रॉडगेज रेलवे लाइन का फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की घोषणा की गई। बनबासा में नए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई और धारचुला-दार्चुला के बीच नए सड़क पुल का उद्घाटन किया गया।
ऊर्जा क्षेत्र में मोतीहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया। झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल और 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई। पंचेस्वर बहुउद्देश्यीय परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को जल्द अंतिम रूप देने का निर्देश भी दिया गया।
यात्रा के अंत में प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत की गर्मजोशी भरी मेजबानी के लिए आभार जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण दिया। पीएम मोदी ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया।
Location : New Delhi
Published : 24 November 2026, 12:05 AM IST