
प्रतीकात्मक छवि (Source Internet)
जयपुर: नीट-पीजी 2026 की री-एग्जामिनेशन आज शनिवार को जयपुर में आयोजित की जा रही है। 30 अगस्त को हुई मुख्य परीक्षा के दौरान जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण कुछ अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए थे। अब उन्हीं प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा कराई जा रही है।
राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित यह परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक कंप्यूटर आधारित माध्यम (CBT) से होगी। जयपुर के पांच निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,499 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
नीट-पीजी की मूल परीक्षा 30 अगस्त को देशभर में आयोजित हुई थी। जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन, आईडीजेड सीतापुरा के दो केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में तकनीकी समस्या सामने आई थी। इसके कारण कुछ अभ्यर्थी निर्धारित समय में परीक्षा पूरी नहीं कर सके थे।
इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा का मौका देने का फैसला किया। इसी क्रम में आज 5 सितंबर को जयपुर में री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है।
पिछली परीक्षा में आई तकनीकी दिक्कत को देखते हुए इस बार प्रशासन ने बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए सभी तकनीकी संसाधन और नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।
परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। साइबर सुरक्षा व्यवस्था के साथ नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड भी सक्रिय रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और अग्निशमन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का कहना है कि इस बार परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Location : Jaipur
Published : 5 September 2026, 9:25 AM IST
Topics : NEET PG 2026 Re Exam NEET PG Admit Card NEET PG Jaipur Exam NEET PG Latest Update NEET PG Re Examination Today