मध्य प्रदेश में महिला आरक्षक को लिंग परिवर्तन की अनुमति, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

मध्य प्रदेश पुलिस की महिला आरक्षक को लिंग परिवर्तन की अनुमति मिल गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश के बाद गृह विभाग ने आदेश जारी किया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 16 October 2026, 11:47 AM IST
google-preferred

भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस में तैनात एक महिला आरक्षक के लिंग परिवर्तन से जुड़े मामले में गृह विभाग ने अनुमति संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। अब पुलिस मुख्यालय (PHQ) स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

महिला आरक्षक ने लिंग परिवर्तन के लिए विभाग में आवेदन दिया था। इसके साथ भारत के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना और नोटरीकृत शपथ-पत्र भी प्रस्तुत किए गए थे। संबंधित दस्तावेजों की जांच और चिकित्सकीय अभिमतों पर विचार करने के बाद मामला आगे बढ़ाया गया।

चिकित्सकीय जांच और मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा

प्रकरण की समीक्षा के दौरान आवेदन के साथ प्रस्तुत दस्तावेजों और चिकित्सकीय रिपोर्टों पर विचार किया गया। इसके लिए भोपाल स्थित गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में चिकित्सकीय जांच कराई गई थी।

जांच के बाद मानसिक रोग विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके अलावा जिला मेडिकल बोर्ड ने भी मामले में अनुशंसा की। संबंधित दस्तावेजों और चिकित्सकीय अभिमतों की समीक्षा के बाद पुलिस मुख्यालय ने अपनी अनुशंसा राज्य शासन को भेजी थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गृह विभाग ने जारी किया आदेश

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद गृह विभाग ने अनुमति संबंधी प्रक्रिया पूरी करते हुए आदेश जारी किए। इसके साथ ही मामले में प्रशासनिक स्तर पर अगला चरण शुरू हो गया है।

अब पुलिस मुख्यालय नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रहा है। इस मामले में विभागीय प्रक्रिया और संबंधित अभिलेखों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Location :  Madhya Pradesh

Published :  16 October 2026, 11:47 AM IST

Advertisement