600 घंटे में 52 लाख लड़कियों की शादी का सपना होगा पूरा, आप कितनी दावत को करेंगे अटेंड?

देश में शादी का सीजन कारोबार की नई कहानी लिखने जा रहा है। अगले 25 दिनों में लाखों शादियों के बीच ज्वैलरी, कपड़े, होटल और कैटरिंग से लेकर छोटे कारोबारियों तक किसकी होगी सबसे ज्यादा कमाई? दिल्ली-NCR के बाजारों पर भी रहेगी खास नजर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 20 November 2026, 2:52 PM IST

New Delhi: देश में शहनाइयां बजने वाली हैं और इसके साथ ही बाजारों में करोड़ों रुपये की बारिश होने की तैयारी है। अगले 25 दिनों में देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। यानी हर दिन औसतन 2 लाख से ज्यादा शादियां होंगी। इन शादियों से बाजार में करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। सोने-चांदी के गहनों से लेकर कपड़े, फर्नीचर, होटल, कैटरिंग और डेकोरेशन तक हर सेक्टर को इस वेडिंग सीजन से बड़ी कमाई की उम्मीद है।

खास बात यह है कि इस बार दिल्ली-NCR में ही करीब 5 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिनसे लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। यानी अगले कुछ हफ्तों में शादी सिर्फ परिवारों के लिए खुशियों का मौका नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और कारोबार के लिए भी बड़ा बूस्टर बनने जा रही है।

25 दिन में 52 लाख शादियां, 7.5 लाख करोड़ का कारोबार

कारोबारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के मुताबिक, 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 के बीच देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। इनसे लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है।

यह अनुमान CAIT की रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने 25 राज्यों के 550 से ज्यादा ट्रेड एसोसिएशन और 300 से अधिक कारोबारी नेताओं से बातचीत के आधार पर तैयार किया है।

पिछले साल यानी 2025 के शादी सीजन में करीब 6.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस बार इसके बढ़कर 7.5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है। यानी पिछले साल के मुकाबले कारोबार में करीब 15 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है।

इस पूरे कारोबार में सामान और रिटेल सेक्टर की हिस्सेदारी करीब 54 फीसदी रहने का अनुमान है। इसके जरिए लगभग 4.05 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। वहीं, सर्विस सेक्टर से 3.45 लाख करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है।

ज्वैलरी से लेकर कपड़ों तक, कहां कितना होगा कारोबार?

शादी के सीजन में सबसे ज्यादा पैसा ज्वैलरी और कीमती धातुओं पर खर्च होने का अनुमान है। CAIT के मुताबिक, इस सेक्टर में करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। इसके बाद कपड़ों और गारमेंट्स का नंबर आता है, जहां लगभग 90 हजार करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है।

गिफ्ट और वेडिंग एक्सेसरीज के कारोबार का अनुमान 37,500 करोड़ रुपये है। वहीं, ग्रॉसरी और खाने-पीने के सामान पर भी इतनी ही रकम खर्च हो सकती है। इलेक्ट्रॉनिक्स, ड्राई फ्रूट्स और मिठाई, फर्नीचर और घरेलू सामान की प्रत्येक कैटेगरी से करीब 30 हजार करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

लोगों का शादी का सपना होगा पूरा (Image: Pinterest)

यानी शादी की खरीदारी में ज्वैलर्स, कपड़ा कारोबारियों, मिठाई दुकानदारों और इलेक्ट्रॉनिक्स विक्रेताओं तक सभी को फायदा मिलने की संभावना है।

कैटरिंग, होटल और वेडिंग प्लानर्स की भी होगी चांदी

शादी के आयोजन में सामान के साथ सेवाओं पर भी बड़ी रकम खर्च होती है। CAIT के अनुमान के मुताबिक, कैटरिंग और फूड सर्विसेज से करीब 75 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। मैरिज वेन्यू, बैंक्वेट हॉल और होटल से लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान है।

इसके अलावा इवेंट मैनेजमेंट और वेडिंग प्लानिंग पर 37,500 करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं। फ्लोरल डेकोरेशन और वेडिंग डेकोर का कारोबार भी इसी स्तर पर रहने की उम्मीद है।

ट्रैवल और ट्रांसपोर्ट के साथ म्यूजिक और एंटरटेनमेंट सर्विसेज से 30-30 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। वहीं, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और ब्यूटी सर्विसेज की प्रत्येक कैटेगरी से करीब 22,500 करोड़ रुपये की कमाई का अनुमान है।

शादी के सीजन से 1.25 करोड़ रोजगार के मौके

इस वेडिंग सीजन का फायदा सिर्फ कारोबारियों तक सीमित नहीं रहेगा। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो सकते हैं। CAIT के मुताबिक, अगले 25 दिनों में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी, मौसमी और पार्ट-टाइम रोजगार के अवसर बनने का अनुमान है।

धूमधाम से चल रही शादियों की तैयारी (Image: Pinterest)

कैटरिंग, सजावट, फोटोग्राफी, होटल, ट्रांसपोर्ट और इवेंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त काम मिल सकता है। शादी समारोहों की बढ़ती मांग से छोटे कारोबारियों और स्थानीय सेवा प्रदाताओं के लिए भी कमाई के नए रास्ते खुलेंगे।

दिल्ली-NCR में 5 लाख शादियां, 2.5 लाख करोड़ का कारोबार

इस शादी सीजन में दिल्ली-NCR भी कारोबार का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। CAIT के मुताबिक, यहां करीब 5 लाख शादियां होने का अनुमान है, जिनसे लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है।

दिल्ली के चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग, लाजपत नगर, गांधी नगर और खारी बावली जैसे बड़े बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। इन बाजारों में दिल्ली के साथ आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचते हैं।

4 लाख से 5 करोड़ रुपये तक हो सकता है शादी का बजट

शादी पर होने वाला खर्च हर परिवार के बजट और समारोह के स्तर के हिसाब से अलग-अलग होता है। CAIT के अनुसार, एक साधारण शादी का बजट करीब 4 से 5 लाख रुपये हो सकता है। वहीं, प्रीमियम शादियों में खर्च 4 से 5 करोड़ रुपये या इससे भी ज्यादा पहुंच सकता है।

इस बीच शादी के कारोबार में डिजिटल इनविटेशन, ऑनलाइन पेमेंट, AI की मदद से वेडिंग प्लानिंग और कस्टमाइज्ड गिफ्टिंग जैसे नए ट्रेंड भी तेजी से उभर रहे हैं। CAIT ने लोगों से शादी की खरीदारी में भारतीय उत्पादों और स्थानीय कारोबारियों को प्राथमिकता देने की अपील की है। संगठन का मानना है कि इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग, छोटे कारोबारियों और स्थानीय सेवा प्रदाताओं को फायदा मिलेगा।

Location :  New Delhi

Published :  20 November 2026, 2:52 PM IST