मणिपुर में जहरीली शराब बनी काल, करीब 15 लोगों की मौत, 180 से ज्यादा अस्पताल में भर्ती

मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर मिलावटी शराब पीने से तीन दिनों के भीतर 15 लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को दो लोगों की मौत हुई, जबकि एक व्यक्ति ने गुरुवार को दम तोड़ दिया था। इससे पहले 18 नवंबर को पांच लोगों की जान गई थी। राजधानी इंफाल के दो अस्पतालों में कम से कम 180 लोगों का इलाज चल रहा है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 20 November 2026, 9:52 PM IST

Imphal: मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध नकली शराब पीने से बड़ी त्रासदी सामने आई है। इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 180 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री युमनम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार शाम को यह जानकारी साझा की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने दोनों अस्पतालों का दौरा कर मरीजों की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की ओर से साझा किए गए ताजा अपडेट के मुताबिक, शिजा अस्पताल, लम्फेलपाट में 140 से ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि बाबिना अस्पताल, साजीवा में 41 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। पिछले 48 घंटों में चंदेल जिले के चकपीकारोंग इलाके से संदिग्ध नकली शराब पीने के बाद करीब 15 मौतें हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने दोनों अस्पतालों का दौरा कर मरीजों की हालत के बारे में जानकारी ली और अस्पताल अधिकारियों को बेहतरीन चिकित्सा देखभाल और सभी जरूरी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मरीजों के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार घटना की जांच कराएगी और दोषियों को सजा दी जाएगी।

इस बीच, चंदेल के कमिश्नर ने एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि मौतों का सही कारण अभी साबित नहीं हुआ है और जांच जारी है।

चंदेल के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने उपायुक्त को लिखे पत्र में बताया कि मृतकों द्वारा कथित तौर पर सेवन की गई शराब काकचिंग जिले के सुगनू से खरीदी गई थी। उन्होंने कहा कि चंदेल में स्थानीय स्तर पर शराब बनाने या उसके उत्पादन की कोई जानकारी नहीं है।

पेट दर्द, उल्टी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण

पुलिस के अनुसार, प्रभावित लोगों में पेट में तेज दर्द, उल्टी, चक्कर आना, धुंधला दिखाई देना, बेचैनी और सांस लेने में परेशानी जैसे गंभीर लक्षण सामने आए। कुछ लोगों की मौत उनके घरों पर ही हो गई, जबकि कुछ ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों या अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

पड़ोसी जिले से शराब की सप्लाई का संदेह

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि कथित मिलावटी शराब की आपूर्ति पड़ोसी काकचिंग जिले के सुगनू से हुई थी। चंदेल के एसपी धर्मेंद्र कुमार ने जिला उपायुक्त को भेजे पत्र में कहा कि जिले में स्थानीय स्तर पर देशी शराब बनाने की कोई ज्ञात व्यवस्था नहीं है। ऐसे में पुलिस अब दूसरे जिलों तक फैली शराब की सप्लाई चेन की जांच कर रही है।

Location :  Imphal

Published :  20 November 2026, 9:46 PM IST