Malviya Nagar Fire: कौन है दिल्ली के Lemon Green Hotel अग्निकांड का ‘खलनायक’, जिसकी लापरवाही ने ली कई बेकसूर लोगों की जान

Who is Lokesh Bajaj: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया। साकेत स्थित मैक्स अस्पताल के पास मौजूद एक होटल और रेस्टोरेंट परिसर में लगी आग में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 3 June 2026, 4:41 PM IST
google-preferred

New Delhi: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने राजधानी को झकझोर कर रख दिया। साकेत स्थित मैक्स अस्पताल के पास मौजूद एक होटल और रेस्टोरेंट परिसर में लगी आग में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिकों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।

हादसा उस समय हुआ जब होटल में ठहरे अधिकांश लोग सो रहे थे। आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिससे कई लोग धुएं और लपटों में फंस गए। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया।

कौन है होटल का मालिक (Who is Malviya Nagar hotel owner)?

सूत्रों के अनुसार, होटल के मालिक की पहचान लोकेश बजाज  (Lokesh Bajaj) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इस होटल का संचालन तीन साझेदारों द्वारा किया जा रहा था। इन पार्टनर्स के दिल्ली में अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, संबंधित प्रतिष्ठान को केवल छह कमरों के संचालन की अनुमति मिली थी, जबकि वहां कथित रूप से 25 कमरे संचालित किए जा रहे थे। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या होटल में सुरक्षा मानकों और अग्निशमन नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

घायलों का अस्पतालों में इलाज जारी

पुलिस के मुताबिक, हादसे में घायल हुए लोगों को दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें 13 घायलों का इलाज एम्स में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को मैक्स अस्पताल और पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide) सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आग लगने के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  3 June 2026, 4:33 PM IST

Advertisement