
प्रतीकात्मक छवि (Source Internet)
New Delhi: नई दिल्ली में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस हाई-प्रोफाइल सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस भी शामिल होंगे। यह बैठक 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित की जाएगी।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने प्रेस ब्रीफिंग में संकेत दिया कि यूएन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ब्रिक्स बैठक में हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि, उनकी आधिकारिक भागीदारी की घोषणा अभी बाकी है।
ब्रिक्स सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। रूसी अधिकारियों की ओर से पुतिन के भारत दौरे की पुष्टि पहले ही की जा चुकी है। वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन भी इस समिट में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचेंगे।
साल 2026 के लिए भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। यह चौथी बार है जब भारत इस महत्वपूर्ण संगठन की कमान संभाल रहा है। इस साल BRICS अपनी स्थापना की 20वीं वर्षगांठ भी मना रहा है।
दुनिया की नजर इस बात पर भी होगी कि क्या सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच कोई द्विपक्षीय या त्रिपक्षीय वार्ता होती है।
यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब यूरोप, पश्चिम एशिया और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। BRICS Summit में व्यापार, आर्थिक सुधार, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक शासन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
Location : New Delhi
Published : 2 September 2026, 8:48 AM IST
Topics : brics summit 2026 BRICS Summit Delhi India BRICS Presidency Narendra Modi BRICS Putin India Visit