Special Session of Parliament: लोकसभा सीटें, जनगणना और परिसीमन; देश की सियासत में होगा बड़ा बदलाव?

देश की सियासत में जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। अगर केंद्र सरकार की तैयारी आगे बढ़ती है, तो लोकसभा की तस्वीर बदल सकती है।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 27 November 2026, 1:08 PM IST

New Delhi: केंद्र सरकार लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। इसके साथ ही परिसीमन की प्रक्रिया को जनगणना से अलग करने पर भी विचार किया जा रहा है। केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इन प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। हालांकि, अंतिम फैसला बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।

लोकसभा में 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती हैं सीटें

सरकार लोकसभा में मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने का प्रस्ताव तैयार कर रही है। इसके तहत सभी राज्यों में उनकी मौजूदा सीटों के अनुपात में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की जा सकती है।

इस प्रस्ताव का मकसद राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखते हुए लोकसभा का विस्तार करना बताया जा रहा है। हालांकि, सीटों की वास्तविक संख्या परिसीमन की प्रक्रिया के बाद ही तय होगी।

ये भी पढ़ें: ‘लोकसभा की 543 सीटें 25 साल तक न बदलें…’ परिसीमन पर चिदंबरम का बड़ा बयान, तमिलनाडु की 39 सीटों पर जोर

महिला आरक्षण को 2029 से लागू करने की तैयारी

सरकार की इस पूरी कवायद को महिला आरक्षण कानून से जोड़कर देखा जा रहा है। संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। फिलहाल इसके लागू होने की प्रक्रिया जनगणना और परिसीमन से जुड़ी हुई है। सरकार इन शर्तों में बदलाव करके 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना चाहती है।

लोकसभा (Img: Pinterest)

अप्रैल में संविधान संशोधन विधेयक को लगा था झटका

इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार संविधान का 131वां संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित नहीं करा पाई थी। विधेयक को जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल सका था। इसके बाद महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर आगे बढ़ने की सरकार की कोशिशों को झटका लगा। अब सरकार नए प्रस्तावों के जरिए इस मुद्दे को दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

ये भी पढ़ें: बड़ी खबर: लोकसभा स्पीकर ऑफिस और TMC के 20 बागी MPs को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस; जानिए पूरा मामला

उत्तर प्रदेश और बिहार में बढ़ सकती हैं सीटें

लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव लागू होता है, तो उत्तर प्रदेश को इसका बड़ा फायदा मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश में 80 सीटें बढ़कर 120 हो सकती हैं।

बिहार में 40 सीटें बढ़कर 60 हो सकती हैं।

अन्य राज्यों में भी मौजूदा सीटों के अनुपात में बढ़ोतरी संभव है। हालांकि, ये संभावित आंकड़े हैं। अंतिम संख्या परिसीमन आयोग की प्रक्रिया और सरकार के फैसले पर निर्भर करेगी।

लोकसभा (Img: Pinterest)

30 नवंबर से फिर शुरू होगी संसद की कार्यवाही

संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। दूसरी ओर, विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा सकता है। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी विपक्ष के विरोध का हिस्सा बन सकती है। ऐसे में संसद का आगामी सत्र राजनीतिक रूप से काफी अहम रहने वाला है।

Location :  New Delhi

Published :  27 November 2026, 1:08 PM IST