पाकिस्तान तक जा रही थी LIVE फुटेज… ISI-BKI कनेक्शन का बड़ा खुलासा, 11 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISI और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। दिल्ली और पंजाब से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये आरोपी सोलर CCTV के जरिए सेना के ठिकानों की जासूसी कर पाकिस्तान को लाइव फुटेज भेज रहे थे और आतंकी साजिशों में शामिल थे।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 11 April 2026, 6:32 AM IST

New Delhi: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकी और जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए देश की सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता दिलाई है। जांच के दौरान सामने आया कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ है।

इस कार्रवाई में दिल्ली और पंजाब से कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो देश के संवेदनशील सैन्य और अर्धसैनिक ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगे हुए थे। इससे पहले गाजियाबाद में भी इसी तरह के नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है।

सोलर CCTV से हो रही थी जासूसी

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों को संवेदनशील इलाकों में सोलर पावर से चलने वाले CCTV कैमरे लगाने का काम सौंपा गया था। इन कैमरों के जरिए सेना और सुरक्षा बलों की गतिविधियों की लाइव फुटेज पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स को भेजी जा रही थी।

Srinagar Fire: मदरसे में भीषण आग से मचा हड़कंप, दमकलकर्मी समेत 3 घायल; पढ़ें पूरी खबर

आरोपियों की निशानदेही पर देश के अलग-अलग हिस्सों से कुल 9 सोलर CCTV कैमरे बरामद किए गए हैं। ये कैमरे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के कई अहम इलाकों में लगाए गए थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 पिस्टल, 24 कारतूस, 24 मोबाइल फोन, दो कार और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल हथियारों की तस्करी और जासूसी गतिविधियों में किया जा रहा था।

आतंकी साजिश और हथियारों की तस्करी

जांच में इस मॉड्यूल के तीन बड़े पहलू सामने आए हैं। पहला, सोलर CCTV के जरिए जासूसी। दूसरा, सीमा पार से हथियारों की तस्करी और तीसरा, देश में ग्रेनेड हमलों की साजिश।

स्पेशल सेल के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स और ISI ऑपरेटिव्स के सीधे संपर्क में थे। यह संपर्क एन्क्रिप्टेड मोबाइल एप के जरिए किया जा रहा था, जिससे उनकी गतिविधियों का पता लगाना मुश्किल हो जाता था।

अलग-अलग ऑपरेशन में गिरफ्तारी

स्पेशल सेल ने इस पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए दो बड़े ऑपरेशन चलाए। पहले ऑपरेशन में 29 मार्च को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें पंजाब और दिल्ली के लोग शामिल थे।

दूसरे ऑपरेशन में मिलिट्री इंटेलिजेंस की मदद से पंजाब के 5 और आरोपियों को पकड़ा गया। ये सभी सेना और BSF कैंप सहित कई संवेदनशील स्थानों की रेकी कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि यह नेटवर्क देश के 9 शहरों कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, पटियाला, मोगा, अंबाला, कठुआ, बीकानेर और अलवर में सक्रिय था।

US-Iran War: इस्लामाबाद में आज होगी बड़ी मीटिंग, कौन-कौन होगा शामिल? जानिए पूरा प्लान…

सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते इस मॉड्यूल का पर्दाफाश हो जाना बड़ी सफलता है, क्योंकि यह नेटवर्क देश में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां इस नेटवर्क के अन्य कनेक्शन खंगाल रही हैं।

Location :  New Delhi

Published :  11 April 2026, 6:32 AM IST