दिल्ली शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को मिली राहत के खिलाफ CBI ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। फैसले के बाद केजरीवाल ने रोड शो कर भाजपा पर साजिश का आरोप लगाया और दिल्ली में फिर चुनाव की चुनौती दे डाली।

अरविंद केजरीवाल
New Delhi: दिल्ली से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को शराब कांड मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने बरी कर दिया। राउज एवेन्यू कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ सीबीआई ने सख्त रुख अपनाया है। राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के खिलाफ सीबीआई अब हाई कोर्ट चली गई।
राहत के बाद नई कानूनी जंग
दिल्ली की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। कथित शराब नीति घोटाले में निचली अदालत से बड़ी राहत मिलने के ठीक बाद अब मामला नए मोड़ पर पहुंच गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI ने राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख कर लिया है। शुक्रवार को निचली अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कई आरोपियों को बरी कर दिया था। अदालत ने अपने करीब 600 पन्नों के आदेश में कहा कि प्रथम दृष्टया आपराधिक षड्यंत्र के पर्याप्त सबूत नहीं मिले।
दिल्ली आबकारी केस में बड़ा फैसला: कौन हैं जज जितेंद्र सिंह जिन्होंने केजरीवाल-सिसोदिया को दी राहत?
राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला
केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा दर्ज मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल रहा। इसी आधार पर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को आरोपमुक्त कर दिया गया। हालांकि, यह राहत सिर्फ सीबीआई केस में है। धन शोधन से जुड़े मामले में केजरीवाल को अभी राहत नहीं मिली है।
CBI की हाईकोर्ट में अपील
अब CBI ने इस आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अपील दाखिल कर दी है। एजेंसी का कहना है कि फैसले की कानूनी समीक्षा जरूरी है और वह अदालत के समक्ष अपने तर्क मजबूती से रखेगी। इससे साफ है कि कानूनी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और आने वाले दिनों में मामला फिर सुर्खियों में रहेगा।
रोड शो और सियासी वार
फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास से पार्टी दफ्तर तक रोड शो किया। हाथ में गदा लेकर समर्थकों का अभिवादन करते हुए उन्होंने इसे “सच्चाई की जीत” बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर आम आदमी पार्टी के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट ने झूठ का किला ढहा दिया है और अगर भाजपा दिल्ली में दस से ज्यादा सीटें जीत ले तो वे राजनीति छोड़ देंगे।
दिल्ली की हालत भाजपा सरकार ने खराब की
उन्होंने यह भी कहा कि जेल जाने का असर उनके परिवार पर पड़ा है और दिल्ली की हालत भाजपा सरकार ने खराब की है। साथ ही उन्होंने दिल्ली में दोबारा चुनाव कराने की चुनौती भी दे डाली।