अमरावती में शिवसेना नेता की अधिकारी से मारपीट, पहले की तीखी बहस फिर सिर पर दे मारा स्टैंड

अमरावती में शिवसेना (UBT) के एक नेता द्वारा नगर निगम के अधिकारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। उद्धव ठाकरे गुट के नगरसेवक संजय गवहाले ने सहायक आयुक्त नितिन बोबडे पर हमला कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 1:40 PM IST

Amravati: महाराष्ट्र के अमरावती में शिवसेना (UBT) के एक नेता द्वारा नगर निगम के अधिकारी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। यह घटना नगर निगम के जोन-3 कार्यालय की है, जहां उद्धव ठाकरे गुट के नगरसेवक संजय गवहाले ने सहायक आयुक्त नितिन बोबडे पर हमला कर दिया। कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि संजय गवहाले और अधिकारी नितिन बोबडे के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही है।

देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ जाती है। इसी दौरान गवहाले अपनी कुर्सी से उठते हैं और मेज पर रखा फाइबर-प्लास्टिक का स्टैंड उठाकर अधिकारी के सिर पर मार देते हैं। इस घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों में काफी गुस्सा है। उन्होंने इस मारपीट के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। घटना के बाद नगर निगम कार्यालय में भी नाराजगी का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- राजा भैया के काले Band की कीमत सुनकर उड़ जाएंगे होश, क्या है उसकी खासियत ?

क्या थी विवाद की वजह?

मिली जानकारी के अनुसार, शिवसेना (UBT) के नगरसेवक संजय गवहाले अपने एक साथी के साथ सरकारी काम से जुड़े मामले को लेकर सहायक आयुक्त नितिन बोबडे के कार्यालय पहुंचे थे। वहां किसी मुद्दे पर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में यह बहस में बदल गई।

कार्यालय में लगे CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग में दोनों को एक-दूसरे की तरफ उंगली उठाकर बहस करते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि संजय गवहाले अपना आपा खो बैठे। वह अचानक कुर्सी से उठे और मेज पर रखा फाइबर-प्लास्टिक का स्टैंड उठाकर नितिन बोबडे के सिर पर मार दिया। हमले के दौरान अधिकारी ने खुद को बचाने और वार रोकने की कोशिश की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सामने आया है।

नगरसेवक ने भी दी अपनी सफाई

सहायक आयुक्त नितिन बोबडे ने आरोप लगाया है कि मारपीट से पहले संजय गवहाले ने उनके लिए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, नगरसेवक संजय गवहाले ने इन आरोपों पर अपनी अलग बात रखी है।

गवहाले का कहना है कि बैठक के दौरान अधिकारी नितिन बोबडे ने उनके साथ गलत और अपमानजनक तरीके से बात की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। वहीं, इस घटना के बाद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारी के साथ हुई मारपीट के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है। CCTV फुटेज सामने आने के बाद यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

ये भी पढ़ें-भोपाल थाने में गजब लापरवाही! बाहर कार धुलवाने में व्यस्त थे ASI, अंदर लॉकअप से विदेशी कैदी फरार

Location :  Amaravati

Published :  21 November 2026, 1:40 PM IST