Bengaluru Mining Accident: 40 फीट की ऊंचाई से गिरी मौत की चट्टान, मलबे में तब्दील हुईं मजदूरों की खुशियां

बेंगलुरु के दक्षिण तालुक के मदापट्टाना में एक पत्थर खदान पर काम के दौरान 40 फीट की ऊंचाई से विशाल चट्टान गिरने से बिहार के सात दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 July 2026, 11:43 AM IST

Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। शहर के दक्षिण तालुक के मदापट्टाना इलाके में स्थित एक पत्थर खदान में काम के दौरान अचानक एक विशाल चट्टान मजदूरों पर गिर गई। इस हादसे में बिहार के सात दिहाड़ी मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।

काम के दौरान अचानक गिरी भारी चट्टान

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह उस समय हुआ, जब मजदूर पत्थर क्रशर साइट पर रोज की तरह काम कर रहे थे। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि घटनास्थल पर करीब 18 मजदूर मौजूद थे। इसी दौरान लगभग 40 फीट की ऊंचाई से एक बड़ी चट्टान टूटकर नीचे आ गिरी। चट्टान की चपेट में आने से कई मजदूर दब गए और सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

Bengaluru Rain Tragedy: बेंगलुरु में बोवरिंग अस्पताल के पास हादसा, दीवार गिरने से 7 की मौत

घायलों का इलाज जारी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया, जिससे पता चल सके कि उसके नीचे कोई और मजदूर तो नहीं फंसा है। पूरे इलाके को सुरक्षा के लिहाज से सील कर दिया गया। घायल मजदूरों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि घायलों की सही संख्या की पुष्टि की जा रही है।

सुरक्षा मानकों की होगी जांच

पुलिस ने बताया कि मृतक सभी बिहार के रहने वाले थे और मजदूरी के लिए बेंगलुरु आए थे। प्रशासन उनके परिजनों को घटना की जानकारी देने की प्रक्रिया में जुटा है। वहीं, हादसे के पीछे की वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Bengaluru

Published :  2 July 2026, 11:43 AM IST