कर्नाटक में ताबड़तोड़ एक्शन: अमेजन के बिना लाइसेंस वाले गोदामों से 4 लाख की दवाएं जब्त, बड़े फर्जीवाड़े का हुआ खुलासा

कर्नाटक खाद्य सुरक्षा विभाग ने अमेजन के दो बिना लाइसेंस वाले गोदामों से 4 लाख रुपये से अधिक की अवैध दवाएं जब्त की हैं। इसके साथ ही बेंगलुरु हॉकी क्लब में छापेमारी कर एक्सपायर्ड ड्रिंक्स और भारी अस्वच्छता पकड़ी गई है, जिस पर विभाग ने नोटिस जारी किया है।

Updated : 7 September 2026, 10:00 AM IST
google-preferred

Bengaluru: कर्नाटक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले कारोबारियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ताजा मामलों में ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन के दो अनधिकृत स्टोरेज गोदामों पर छापेमारी कर लाखों की अवैध दवाएं जब्त की गई हैं, वहीं दूसरी ओर एक प्रतिष्ठित खेल क्लब में भी गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गई हैं। विभाग की इस दोहरी कार्रवाई से व्यावसायिक परिसरों में हड़कंप मच गया है।

अमेजन के बिना लाइसेंस वाले गोदामों पर छापा

राज्य की खुफिया शाखा को बिना वैध ड्रग लाइसेंस के दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण को लेकर पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अमेजन से जुड़े दो अलग-अलग परिसरों पर औचक कार्रवाई को अंजाम दिया। इन दोनों छापों में कुल 4,02,352 रुपये मूल्य की फार्मास्यूटिकल्स सामग्री जब्त की गई है, जिसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं थी।

इस कड़ी में पहली कार्रवाई अनेकल तालुक के थट्टानहल्ली स्थित मेसर्स अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में की गई। राज्य खुफिया शाखा के सहायक औषधि नियंत्रक मनोहर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके से 2,45,352 रुपये मूल्य की दवाएं अपने कब्जे में लीं। वहीं, दूसरी कार्रवाई देवनहल्ली के एयरोस्पेस स्थित अमेजन केंद्र पर की गई। बैंगलोर ग्रामीण की औषधि निरीक्षक विभा के नेतृत्व में हुई इस दूसरी रेड के दौरान बिना लाइसेंस वाले इस परिसर से 1,57,000 रुपये की दवाएं बरामद की गईं। विभाग ने इसे अवैध दवा भंडारण के खिलाफ एक त्वरित और ठोस कदम बताया है। हालांकि, इस बड़ी कार्रवाई के बाद भी अमेजन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पेरिस में बना देश का पहला भव्य हिंदू मंदिर, प्राण प्रतिष्ठा में 40 देशों के दिग्गज शामिल, फ्रांस की धरती पर चमका सनातन का सूरज

बेंगलुरु हॉकी क्लब में एक्सपायर्ड ड्रिंक्स और भारी गंदगी का खुलासा

दवाओं के अवैध भंडारण के इस मामले के ठीक बाद, खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेंगलुरु हॉकी क्लब का भी औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान क्लब परिसर में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता, कीट नियंत्रण और लेबलिंग से जुड़ी कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं, जिसने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि क्लब के स्टोर रूम में 40 बोतलें एक्सपायर्ड सॉफ्ट ड्रिंक्स की रखी हुई थीं। इसके अलावा, वहां मौजूद सोडा की बोतलों पर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के तय मानकों के मुताबिक आवश्यक लेबल तक नहीं पाए गए। निरीक्षण रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि भोजन तैयार करने और भंडारण करने वाले क्षेत्रों में भारी अस्वच्छता फैली हुई थी। रसोईघर में कीट-पतंगों का भयंकर प्रकोप देखा गया, जिससे वहां रखे खाद्य पदार्थों के दूषित होने और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराने की पूरी आशंका थी।

विभाग ने थमाया नोटिस, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने क्लब परिसर में मिली इन तमाम कमियों को बेहद गंभीरता से लिया है। कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने सभी एक्सपायर्ड और गैर-मानक लेबल वाले उत्पादों को मौके पर ही जब्त कर लिया। इसके साथ ही, क्लब के खाद्य व्यवसाय संचालक को एक सख्त कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

मायामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भीषण विमान हादसा: अमेजन का कार्गो प्लेन रनवे से फिसला, 5 लोगों की मौत और कई घायल

विभाग ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि ये खामियां सीधे तौर पर आम जनमानस की सेहत, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के बुनियादी नियमों से जुड़ी हैं। संबंधित संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 तथा लाइसेंसिंग एवं पंजीकरण विनियम 2011 के प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े हर प्रतिष्ठान पर ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Location :  Bengaluru

Published :  7 September 2026, 10:00 AM IST

Advertisement