हिंदी
रामगढ़ इस्पात प्लांट में लगी भीषण आग
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पतरातू प्रखंड के बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट और इस्पात प्राइवेट लिमिटेड (Maa Chhinnamastika Cement and Steel Pvt Ltd) प्लांट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हेहल स्थित स्पंज-आयरन फैक्ट्री (Sponge Iron Factory) के पावर प्लांट (Power Plant) में शुक्रवार देर रात अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के तुरंत बाद कंट्रोल रूम (Control Room) में आग फैल गई।
आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
इस घटना में बुरी तरह झुलसे तीन इंजीनियरों की मौत हो गई। एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर हजारीबाग निवासी तरुण रजवार को उपचार के लिए रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में रांची निवासी फैक्ट्री के शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी 50 वर्ष, जगेश्वर बिहार बोकारो निवासी 25 वर्षीय विनीत महतो और गढ़वा निवासी 24 वर्षीय अभिषेक पांडेय शामिल है।
हादसे की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग (Fire Department) की टीमों को मौके पर भेजा गया।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया गया। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस दुर्घटना के बाद औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों (Industrial Safety Standards) को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि आग किस वजह से लगी और क्या फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था।
Location : Jharkhand
Published : 22 August 2026, 10:33 AM IST
Topics : Jharkhand Factory Fire Maa Chhinnamastika Steel Plant Fire Power Plant Blast Ramgarh Fire Accident Sponge Iron Factory Accident
No related posts found.