
जम्मू रेलवे स्टेशन के पास भीषण आग
Jammu: जम्मू रेलवे स्टेशन के सामने स्थित शिवा मार्केट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में बड़े पैमाने पर नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के कारणों और कुल नुकसान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
घटनास्थल पर पहुंचे बीजेपी विधायक विक्रम रंधावा ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिवा मार्केट एक बड़ा व्यावसायिक केंद्र है. यहां ड्राई फ्रूट्स, कंबल और अन्य सामान की दुकानें हैं। इसके अलावा खाने-पीने के प्रतिष्ठान और ढाबे भी मौजूद हैं।
विक्रम रंधावा ने कहा कि उनके अनुमान के मुताबिक करीब 35 से 40 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। हालांकि, आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि दुकानदार प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं।
मौके पर डिप्टी कमिश्नर (DC), एसपी साउथ, डीएसपी और एसएचओ समेत पुलिस और प्रशासन की पूरी टीम मौजूद है। सिविल सोसाइटी के सदस्य भी राहत कार्यों में मदद कर रहे हैं।
Location : Jammu
Published : 26 October 2026, 2:42 AM IST