
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में CISF कैंप में फायरिंग
Srinagar: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में मंगलवार शाम को सीआईएसएफ के एक जवान ने कहासुनी के बाद अपने साथियों पर गोलियां दाग दीं। इसमें एक कंपनी कमांडर सहित चार की मौत हो गई। आरोपी जवान हिरासत में है।
एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के अनुसार गोली लगने से असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार छुट्टी के विवाद में हेड कांस्टेबल ने अपने सहकर्मियों पर गोलियां चला दी। गोली लगने के बाद सभी जवानों को गंभीर हालत में हिमाचल के चंबा जिला स्थित राष्ट्रीय जलविद्युत निगम लिमिटेड (एनएचपीसी) के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि कठुआ में सेवा-II हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट यूनिट में किसी बात को लेकर CISF जवानों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान 2009 बैच के एक हेड कॉन्स्टेबल HC अबदेश कुमार ने CISF के ही चार जवानों पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई। यह इलाका हिमाचल प्रदेश की सीमा के पास स्थित है। इसकी सीमा हिमाचल के चंबा ज़िले से लगती है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवधेश सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि लंबे समय से छुट्टी के लिए आवेदन कर रहा था। लेकिन किसी न किसी कारण से छुट्टी रद्द कर दी जा रही थी। मंगलवार को भी छुट्टी को लेकर ही विवाद शुरू हुआ। गुस्से में आकर उसने शाम 7:00 बजे सर्विस राइफल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सूत्रों व पुलिस के अनुसार आरोपी हेड कांस्टेबल अवधेश सिंह ने एके-47 राइफल से फायरिंग की है। उसके पास 150 राउंड गोलियां थीं। गुस्से में आकर उसने अंधाधुंध फायरिंग की।
इस बीच सामने जो आया उसे निशाना बनाया। विवाद की शुरुआत असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडेय से हुई थी। सूत्रों के अनुसार अवधेश सिंह 2009 में सीआईएसएफ में भर्ती हुआ था।
घटना के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू हुई। इलाके को सुरक्षित कर लिया गया है और अधिकारी उन हालात की जांच कर रहे हैं जिनमें फायरिंग की घटना हुई। इस मामले में सीआईएसफ हैडक्वाटर ने कोर्ट आफ इंक्वारी के आदेश दिए हैं। डीजी CISF पूरी घटना की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
Location : Srinagar
Published : 29 September 2026, 10:42 PM IST
Topics : cisf camp CISF jawan firing Jammu Kashmir Kathua